ब्रिटेन से सांस्कृतिक आदान प्रदान प्रोग्राम के तहत आए 62 छात्र-छात्राओं के समूह ने शुक्रवार को एन वी एन स्कूल भिडूकी का दौरा किया। ब्रिटिश बच्चों ने भिड़ूकी गाँव के धार्मिक स्थल सिद्ध बाबा परिसर पर माथा टेका और हिन्दू धर्म के बारे मे जानकारी प्राप्त की। ब्रिटिश बच्चों ने गांव की चौपाल पर जाकर गांव की प्रणाली को खुद समझने का प्रयास किया। एनवीएन स्कूल भिड़ूकी में आज 62 छात्र छात्राओं के एक समूह ने सांस्कृतिक आदान प्रदान प्रोग्राम के तहत दौरा किया। जहां पर उन्होंने एन वी एन स्कूल के बच्चों के साथ बैठकर एक दूसरे की सांस्कृतिक विरासत, खान-पान, रहने सहने का तरीका और कृषि पद्धति आदि पर जानकारी साझा की। मानव रचना फरीदाबाद के इंटरनेशनल के तहत भारत की यात्रा पर आए हुए इन छात्र-छात्राओं के समूह ने अपने देश के बारे में, अपने वर्तमान शिक्षण कोर्स के बारे में और भारत के अपने अनुभव के बारे में विचार व्यक्त किए ।उसके बाद यह समूह गांव भ्रमण पर निकला जहां पर एनवीएन स्कूल के बच्चों ने उनको सिद्ध बाबा पर माथा टेकने के धार्मिक महत्व के बारे में समुचित जानकारी दी। पंचायत भवन के बाद सभी बच्चे बड़ई के पास गए जहां उन्होंने लकड़ी से बनने वाली चीजें देखी। इसके बाद ये लोग कुम्हार के पास गये और मिट्टी के बर्तनों के बारे में जानकारी प्राप्त की। बाद में उन्होंने भारतीय संस्कृति के अनुसार परोसे गए भारतीय भोजन का आनन्द लिया। कार्यक्रम के अंत में ब्रिटेन के बच्चों और वीवीएन के बच्चों ने मिलकर हरियाणवी गानों पर साथ में नाचते हुए एक अद्भुत समा प्रस्तुत किया।कार्यक्रम के अंत में ब्रिटिश बच्चों और मानव रचना विश्वविद्यालय का धन्यवाद करते हुए प्रधानाचार्य कुसुम चौधरी ने कहा कि इस तरह के अनुभवों से बच्चों को बहुत कुछ सीखने को मिलता है और दोनों देशों के लोगों के बीच एक दूसरे के प्रति बेहतर समझ विकसित होती है।