
श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय और इंफोसिस फाउंडेशन के बीच सोमवार को एक महत्वपूर्ण करार हुआ है। इसके अंतर्गत प्रदेश के तीन हजार विद्यार्थियों को ट्रेनिंग दी जाएगी। यह प्रशिक्षण सभी स्ट्रीम के फाइनल ईयर के विद्यार्थियों को दिया जाएगा। इसमें यूनिवर्सिटी, कॉलेज, पॉलिटेक्निक और आईटीआई के विद्यार्थी भी शामिल होंगे। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार की उपस्थिति में कुलसचिव सुमन वशिष्ठ ने इंफोसिस एथनस के सीनियर मैनेजर सिरिल फिलिप और क्षेत्रीय प्रबंधक मोहित शहारे के साथ इस समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान किया। उन्होंने इस पहल के लिए एसीडी डिपार्टमेंट की संयुक्त निदेशक शिखा गुप्ता को बधाई दी। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने कहा कि इस प्रशिक्षण में एआई, कम्युनिकेशन और इंटरव्यू स्किल्स भी सिखाए जाएंगे। तीन दिन में 18 घंटे का यह प्रशिक्षण पूरी तरह निशुल्क होगा। साथ ही इसमें संबंधित संस्थान की फैकल्टी को भी ट्रेनिंग दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों के लिए रोजगार प्राप्त करने में सहायक सिद्ध होगा।
BB News 24 www.bbnews24.live