खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी जारी, पांच नमूने लिए

व्रत के दौरान खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग, पलवल की टीम द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। डॉ. मनोज कुमार, आयुक्त, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग, हरियाणा के आदेशानुसार तथा डॉ. पुनीत शर्मा, जिला अभिहित अधिकारी, पलवल के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. ईश्वर कुमार के नेतृत्व में विभिन्न बाजारों और दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान सूजी, कुट्टू का आटा, लिटल मिलेट और साबूदाना सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल पांच नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजे गए हैं।खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. ईश्वर कुमार ने बताया कि विभाग की टीम द्वारा उत्तवर चौक, हथीन बस स्टैंड, पुरानी सब्जी मंडी, गोशाला मार्केट, होडल और हसनपुर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई की जा रही है। व्रत के दिनों में कुट्टू, सिंघाड़े के आटे और समा चावल की मांग बढ़ जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा इन खाद्य पदार्थों की नियमित रूप से सैंपलिंग की जा रही है। लिए गए सभी नमूनों को नियमानुसार सील करके जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकानदारों, मिठाई विक्रेताओं और अन्य खाद्य कारोबारियों को खाद्य सामग्री के निर्माण एवं बिक्री के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण  का आवश्यक पंजीकरण या लाइसेंस प्राप्त करने के प्रति जागरूक किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा एनालॉग पनीर, पूजा घी और दिया घी के भंडारण एवं बिक्री पर 17 अगस्त 2026 से प्रदेशभर में प्रतिबंध लगाए जाने संबंधी निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अतिरिक्त पान-गुटखा के संबंध में जारी सरकारी आदेशों का पालन करना भी अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित उत्पादों के संबंध में जारी आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।डॉ. ईश्वर कुमार ने उपभोक्ताओं से अपील की कि व्रत के लिए कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा, समा चावल, साबूदाना एवं अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय विशेष सावधानी बरतें। पैकिंग पर अंकित निर्माण तिथि, पैकिंग तिथि, एक्सपायरी तिथि तथा अन्य आवश्यक विवरण अवश्य जांचें। उन्होंने कहा कि खाद्य सामग्री हमेशा विश्वसनीय दुकानदारों से खरीदें और किसी भी उत्पाद की गुणवत्ता या उसकी तिथि को लेकर संदेह होने पर उसका सेवन न करें। उन्होंने आमजन से यह भी अपील की कि यदि कहीं एक्सपायरी या संदिग्ध गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री होती दिखाई दे, तो इसकी सूचना खाद्य सुरक्षा विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के लिए जिले में निरीक्षण, सैंपलिंग और जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।

Check Also

हथीन गेट चौकी इंचार्ज को 3000 रूपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों किया गिरफ्तार

मुख्यमंत्री फ्लाइंग टीम ने हथीन गेट पलवल चौकी प्रभारी राजेश कुमार को 3000 रूपए की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *