पलवल में बीते दिन हुई अचानक और अत्यधिक बारिश तथा तेज हवाओं के कारण धान, बाजरा, मक्का आदि फसलों में भारी नुकसान हुआ है। खेतों में खड़ी फसलों के साथ-साथ अनाज मंडियों में खुले में रखी फसल भी भीग गई है। जिससे किसान बहुत परेशान है। उक्त बात आज पलवल से कांग्रेस के पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहीं।उन्होंने बताया कि मौसम में आए अचानक बदलाव और बेमौसम बारिश के कारण किसानों की तैयार फसलों को भारी क्षति हुई है। खेतों में पककर खड़ी धान की फसलें तेज हवाओं के चलते जमीन पर बिछ गई हैं और जलभराव के कारण अनाज मंडी व अन्य जगह रखीं फसले सड़ने की आशंका बनी हुई है। कटाई और उठान का काम प्रभावित होने से किसानों को भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और कृषि विभाग को सभी प्रभावित क्षेत्रों में फसलों के नुकसान का तत्काल वास्तविक आकलन करने के लिए विशेष टीमों का गठन करना चाहिए तथा प्रभावित किसानों को समय पर मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने चाहिए। सरकार को फसल में छुट कर जल्द से जल्द खरीद शुरू कर देनी चाहिए तथा परमल धान की भी खरीद को शुरू कर देना चाहिए। किसान पहले ही बढती लागत से परेशान है, ऐसे में यह प्राकृतिक आपदा उनके लिए दोहरी मार है।