ग्राहक की सजगता और दक्षता ही परिवार और राष्ट्र की ताकत है : नेहा जोशी

अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की राष्ट्रीय सचिव नेहा जोशी ने आज पलवल में महिलाओं की एक गोष्ठी में भाग लिया। जवाहर नगर कैंप स्थित  स्कूल में आयोजित इस गोष्ठी को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि एक जागरूक, सजग और दक्ष ग्राहक न केवल अपने परिवार के हितों की रक्षा करता है, बल्कि राष्ट्र की आर्थिक व्यवस्था को भी मजबूत बनाता है। उपभोक्ता यदि अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सचेत रहे तो बाजार में पारदर्शिता, गुणवत्ता और ईमानदारी को बढ़ावा मिलता है।नेहा जोशी ने कहा कि ग्राहकों को खरीदारी करते समय उत्पाद की गुणवत्ता, मूल्य, समाप्ति तिथि (एक्सपायरी डेट), एमआरपी तथा बिल लेने जैसी बातों पर विशेष ध्यान देना चाहिए। जागरूक ग्राहक ही अनुचित व्यापारिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगा सकता है। उन्होंने कहा कि ग्राहक शिक्षा और जागरूकता के माध्यम से ही शोषणमुक्त समाज की स्थापना संभव है।उन्होंने सभी नागरिकों से अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी पालन करने तथा परिवार और समाज में उपभोक्ता जागरूकता का वातावरण तैयार करने का आह्वान किया। उनका कहना था कि सशक्त ग्राहक ही सशक्त परिवार और सशक्त राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला है।
उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं से 12 जून  को अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत द्वारा दिल्ली के जंतर-मंतर पर एमआरपी के मुद्दे को लेकर आयोजित प्रदर्शन में भाग लेने और गलत मूल्य निर्धारण नीति के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बाजार में अनेक वस्तुओं की एमआरपी उनकी वास्तविक लागत से कई गुना अधिक निर्धारित की जाती है। विशेष रूप से दवाओं के क्षेत्र में उपभोक्ताओं के साथ बड़े स्तर पर मूल्य संबंधी विसंगतियां देखने को मिलती हैं, जिससे ग्राहकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।उन्होंने बताया कि ग्राहकों, विशेषकर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से वे पलवल आई हैं। इस अवसर पर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की राष्ट्रीय सचिव नेहा जोशी का पलवल पहुंचने पर ग्राहक पंचायत की हरियाणा प्रांत प्रभारी अलका गुप्ता, प्रांत प्रचार प्रमुख गुरु दत्त गर्ग, पलवल जिला अध्यक्ष विजेंद्र सिंगल, महिला प्रमुख अनीता गोयल तथा पर्यावरण प्रमुख कृष्णा सिंह सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन गीता शर्मा ने किया।  गुरुदत्त गर्ग ने कहा  शोषण मुक्त समाज की संरचना ग्राहक पंचायत का ध्येय है।  अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत एक राष्ट्रव्यापी संगठन है।  जिसका नारा  है उत्पादन में वृद्धि और वितरण में समानता, उपभोग में संयम , गुणवत्ता में खरा।  यह देश का एकमात्र संगठन है जो  ग्राहकों के शोषण  समाप्ति के लिए लोगों को जागरूक करने का कार्य करता है।

Check Also

खेल एवं कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम का पलवल दौरा

हरियाणा सरकार में खेल एवं कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम रविवार 26 जुलाई को पलवल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *