सीएम विंडो की प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय-सीमा के अंदर तथ्यात्मक एवं संतोषजनक समाधान किया जाए सुनिश्चित : उपायुक्त

हरियाणा सरकार की जन शिकायत निवारण प्रणाली मुख्यमंत्री विंडो के अंतर्गत लंबित मामलों की समीक्षा के लिए शुक्रवार को हरियाणा मानव संसाधन विभाग तथा सामान्य प्रशासन विभाग के आयुक्त एवं सचिव फूल चंद मीणा की अध्यक्षता में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से महत्वपूर्ण राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। आयुक्त एवं सचिव ने बैठक में जिला उपायुक्तों के साथ सीएम विंडो पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण की प्रगति का मूल्यांकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पलवल जिला से उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े और आयुक्त एवं सचिव फूल चंद मीणा द्वारा बैठक में दिए गए निर्देशों को सुनकर उनकी पालना सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने वीडियो कांफ्रेंसिंग उपरांत संबंधित विभागाध्यक्षों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री विंडो पर दर्ज प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय-सीमा के अंदर तथ्यात्मक एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान के दौरान केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत प्रदान करने पर विशेष ध्यान दें। उपायुक्त डा. छिल्लर ने निर्देश दिए कि सभी विभाग सीएम विंडो पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की नियमित निगरानी करें तथा लंबित मामलों की समीक्षा कर उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें। यदि किसी मामले में तकनीकी या प्रशासनिक बाधा आती है तो उसका समय रहते समाधान किया जाए ताकि शिकायतों का निष्पादन प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विंडो हरियाणा सरकार की एक महत्वपूर्ण जनसेवा पहल है, जिसके माध्यम से नागरिक अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को सीधे सरकार तक पहुंचा सकते हैं। इसलिए इस प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए प्रत्येक अधिकारी की जवाबदेही अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए और प्रत्येक मामले में तथ्यों के आधार पर स्पष्ट एवं संतोषजनक उत्तर पोर्टल पर अपलोड किए जाएं।बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, नगराधीश प्रीति रावत, जिला राजस्व अधिकारी बलराज सिंह दांगी, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी उपमा अरोड़ा, तहसीलदार पलवल दिनेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

Check Also

खेल एवं कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम का पलवल दौरा

हरियाणा सरकार में खेल एवं कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम रविवार 26 जुलाई को पलवल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *