जिले में चल रहा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान अब अपने अंतिम एवं सबसे महत्वपूर्ण चरण में पहुंच गया है। 14 जुलाई तक संचालित इस अभियान के समापन में अब केवल तीन दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को अभियान को मिशन मोड में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का प्रत्येक नाम लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है, इसलिए कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए।उन्होंने बताया कि मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रविवार, 12 जुलाई को भी गणना प्रपत्र भरने एवं जमा करने का कार्य जारी रहेगा। सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर पहुंचकर गणना प्रपत्र एकत्रित करेंगे तथा अधिक से अधिक मतदाताओं को अभियान से जोडऩे का प्रयास करेंगे।उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि सभी बीएलओ निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक घर तक पहुंच सुनिश्चित करें तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटने न पाए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्राप्त सभी गणना प्रपत्रों का समयबद्ध संग्रहण, डिजिटाइजेशन एवं निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर अपलोड करने की प्रक्रिया में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाए। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा की जा रही है तथा प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निर्वहन करना होगा। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 14 जुलाई निर्धारित है। इसलिए अंतिम समय का इंतजार करने के बजाय अपना भरा हुआ गणना प्रपत्र शीघ्र संबंधित बीएलओ के पास जमा कराएं, ताकि उसका समय पर डिजिटाइजेशन एवं पोर्टल पर अपलोड सुनिश्चित किया जा सके। यदि किसी दस्तावेज या विवरण में कोई त्रुटि पाई जाती है तो उसे भी समय रहते सुधारा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी कारणवश संबंधित बीएलओ अभी तक किसी मतदाता के घर नहीं पहुंच पाए हैं, तो ऐसे मतदाता स्वयं अपने संबंधित बीएलओ अथवा मतदान केंद्र पर पहुंचकर गणना प्रपत्र जमा करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिला प्रशासन, निर्वाचन विभाग एवं मतदाताओं के संयुक्त प्रयासों से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान-2026 को पूर्णत: सफल बनाया जाएगा।
BB News 24 www.bbnews24.live