हर गांव के समग्र विकास से ही क्षेत्र और राष्ट्र की प्रगति संभव : कृष्णपाल गुर्जर

 

केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने रविवार को होडल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खाम्बी व पिंगौड़ गांवों में लगभग 6 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए एवं स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस दौरान गांव में सामुदायिक भवनों, चौपालों, शहीद स्मारक, श्मशान घाट विकास, फिरनी मार्गों, खेत-खलिहान रास्तों, संत रविदास आश्रम, गौशाला, परशुराम पार्क तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े अनेक कार्यों को जनता को समर्पित किया गया। कार्यक्रम में पहुंचने पर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, होडल विधायक हरेंद्र सिंह तथा अन्य अतिथियों का ग्रामीणों द्वारा फूलमालाएं पहनाकर एवं पगड़ी बांधकर भव्य स्वागत किया गया।जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक गांव और प्रत्येक वर्ग तक विकास पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार शरीर के सभी अंगों का स्वस्थ होना आवश्यक है, उसी प्रकार क्षेत्र के हर गांव का विकास भी समान रूप से जरूरी है। सरकार बिना किसी भेदभाव के गांवों में सडक़, बिजली, पानी, शिक्षा और सामुदायिक सुविधाओं का विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में विकास और सुशासन की नीति के चलते देश और प्रदेश में आधारभूत ढांचे को अभूतपूर्व मजबूती मिली है, जिसका लाभ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच रहा है।केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि पिछले वर्षों में फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र और आसपास के क्षेत्रों में सडक, रेल और एक्सप्रेस-वे नेटवर्क का व्यापक विस्तार हुआ है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे, केएमपी, जेवर एयरपोर्ट कनेक्टिविटी और विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं ने क्षेत्र को नई पहचान दी है। रेलवे फाटकों पर ओवरब्रिज और अंडरपास निर्माण से लोगों की आवाजाही पहले की अपेक्षा अधिक सुगम हुई है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी होने के बाद क्षेत्र के विकास को और गति मिलेगी।इस अवसर पर  मार्किट कमेटी हसनपुर के चेयरमैन राजपाल, खाम्बी सरपंच राजबीर, सरपंच सुंदर, जिला परिषद उपाध्यक्ष उमेश गुदराना, महेंद्र भडाना, ब्लॉक समिति चेयरमैन अजीत सिंह, सतबीर पटेल सहित पंचायत प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, आस-पास के गांवों के पंच-सरपचं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Check Also

निवर्तमान पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल को जिला पुलिस ने दी भावभीनी विदाई

राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित डबचिक पर्यटन स्थल पर रविवार को पलवल के निवर्तमान पुलिस अधीक्षक नीतीश …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *