न्यायालयों और बार परिसरों में बेहतर सुविधाएं मिलने से अधिवक्ता अधिक प्रभावी ढंग से कर सकेंगे दायित्वों का निर्वहन : न्यायमूर्ति अश्विनी कुमार मिश्रा

 

न्यायिक परिसर होडल के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण रहा। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अश्विनी कुमार मिश्रा ने वर्चुअल माध्यम से अधिवक्ताओं के लिए आधुनिक चैंबर भवन निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत 58 ट्विन-शेयरिंग अधिवक्ता चैंबर्स का निर्माण किया जाएगा, जिससे होडल बार के अधिवक्ताओं को पहली बार स्थायी, आधुनिक एवं सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त कार्यस्थल उपलब्ध होगा।कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अश्विनी कुमार मिश्रा ने सभी अधिवक्ताओं एवं क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह केवल एक भवन निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था को और अधिक मजबूत, प्रभावी एवं जनोन्मुख बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस नई व्यवस्था से अधिवक्ताओं को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा तथा न्यायालय में आने वाले प्रत्येक नागरिक को भी न्यायिक प्रक्रिया के दौरान बेहतर सुविधाओं का अनुभव होगा।न्यायमूर्ति अश्विनी कुमार मिश्रा ने कहा कि यह परियोजना पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय द्वारा न्यायिक अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है। आधुनिक चैंबर भवन के निर्माण से अधिवक्ताओं को बेहतर कार्य वातावरण, बैठकों के लिए उपयुक्त स्थान, दस्तावेजों के सुरक्षित रखरखाव की सुविधा तथा न्यायिक कार्यों के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक आधारभूत संसाधन उपलब्ध होंगे। इससे न केवल अधिवक्ताओं की कार्यक्षमता बढ़ेगी, बल्कि न्यायालय में आने वाले वादकारियों को भी अधिक सुव्यवस्थित, सम्मानजनक एवं सुविधाजनक वातावरण प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण समिति द्वारा इस परियोजना में गंभीर रुचि लेते हुए निर्माण कार्य प्रारंभ कराया गया है। वर्षों से जिस आवश्यकता को महसूस किया जा रहा था, आज वह साकार होने जा रही है। अब होडल के अधिवक्ताओं को अपना स्वतंत्र एवं आधुनिक भवन प्राप्त होगा, जिससे उनके कार्य निष्पादन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आएगा।कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश ने भवन निर्माण समिति से आग्रह किया कि परियोजना से संबंधित प्रत्येक प्रस्ताव को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र स्वीकृत किया जाए ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने जिला प्रशासन, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक तथा अन्य संबंधित अधिकारियों से भी परियोजना के लिए अपेक्षित प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से यह परियोजना शीघ्र पूर्ण होगी और अधिवक्ताओं को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त बार परिसर उपलब्ध कराया जा सकेगा।जिला एवं सत्र न्यायाधीश राज गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन होडल उपमंडल न्यायिक परिसर के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज होगा। उन्होंने कहा कि कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अश्विनी कुमार मिश्रा द्वारा 58 ट्विन-शेयरिंग अधिवक्ता चैंबर्स का निर्माण न्यायिक अधोसंरचना के विकास की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।होडल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता कपिल देव सोरोत ने कहा कि आज का दिन होडल बार एसोसिएशन के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में अंकित हो गया है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय, कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अश्विनी कुमार मिश्रा तथा भवन निर्माण समिति के सभी न्यायमूर्तियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बिल्डिंग कमेटी हरियाणा के चेयरमैन न्यायमूर्ति हर सिमरन सिंह सेठी, बिल्डिंग कमेटी के सदस्य न्यायमूर्ति राजेश भारद्वाज, न्यायमूर्ति संदीप मुदगिल एवं न्यायमूर्ति कुलदीप तिवारी, पलवल सेशन्स डिवीजन के एडमिनिस्ट्रेटिव जज न्यायमूर्ति हरप्रीत सिंह बराड़ तथा पलवल सेशन्स डिवीजन की एडमिनिस्ट्रेटिव जज न्यायमूर्ति आराधना साहनी, पलवल के उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय पलवल पायल मित्तल, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश पलवल हेम राज मित्तल, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश पलवल प्रतीक जैन, मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) पलवल हरीश गोयल, मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी पलवल मानसी धीमान, न्यायिक दण्डाधिकारी प्रथम श्रेणी पलवल बिपाशा खटाना, अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश (वरिष्ठ प्रभाग) होडल अपर्णा चौधरी, न्यायिक दण्डाधिकारी प्रथम श्रेणी होडल विवेक कुमार, न्यायिक दण्डाधिकारी प्रथम श्रेणी होडल अभिषेक, एसडीएम बलीना, बार एसोसिएशन पलवल के अध्यक्ष एडवोकेट जोगेन्द्र चौहान, सचिव एडवोकेट लेखन सिंह सोरोत, बार एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी, अधिवक्ता, न्यायिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिको की गरिमामयी उपस्थिति रही।

Check Also

बरसात के मौसम में नागरिकों को डेंगू सहित बीमारियों से बचाव बारे जागरूक करें स्वास्थ्य विभाग : उपायुक्त

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *