पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन में एएनसी की टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर नाकाबंदी कर एक युवक को अवैध देसी कट्टे और दो जिंदा कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपित की पहचान मित्रौल गांव के निवासी दीपक के रूप में हुई है।मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी उप निरीक्षक हरीश खान ने बताया कि 14 जुलाई की रात को एंटी-नारकोटिक्स सेल के प्रधान सिपाही इरफान अपनी टीम के साथ सराय फ्लाईओवर के नीचे गश्त और संदिग्ध वाहनों/व्यक्तियों की चेकिंग पर तैनात थे। इसी दौरान टीम को एक विश्वसनीय मुखबिर से गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि मित्रौल का रहने वाला दीपक, जो अवैध हथियार रखने का आदी है, इस समय नंगला अहसानपुर मोड़ के पास अपने गांव जाने के लिए किसी वाहन के इंतजार में खड़ा है और उसके पास इस वक्त भी अवैध हथियार मौजूद है।
इस गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस की गाड़ी को अपनी तरफ आते देख आरोपित ने घबराकर भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने उसे तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही दबोच लिया। जब आरोपित की नियमानुसार तलाशी ली गई, तो उसकी जेब से एक अवैध देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
BB News 24 www.bbnews24.live