पुलिस अधीक्षक पलवल श्री नीतीश अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन में कार्य करते हुए पलवल पुलिस की सीआईए होडल टीम ने ब्लाइंड केस में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों ने पैसे के आपसी लेनदेन के विवाद में दिल्ली में एक व्यक्ति के साथ से मारपीट की थी और साक्ष्य छुपाने की नीयत से उसे स्कूटी पर बीच में बैठाकर पलवल के अगवानपुर क्षेत्र में एक खाली प्लॉट में लावारिस हालत में फेंक दिया था जहाँ उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने इस मामले में दूसरे मुख्य आरोपी पर शिकंजा कसने में सफलता हासिल की है।सीआईए होडल प्रभारी P/SI अमित कुमार ने बताया कि बीते 7 अप्रैल 2026 को थाना कैम्प पलवल के अंतर्गत पन्ना विहार कॉलोनी, अगवानपुर के पास एक खाली प्लॉट में बने कमरे के सामने एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। मृतक के शरीर, सिर और पैरों पर तेजधार हथियार तथा गंभीर चोटों के गहरे निशान थे। इस संबंध में हिमांशु निवासी पन्ना विहार कॉलोनी की शिकायत पर थाना कैम्प पलवल में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पलवल के आदेशानुसार एसआईटी का गठन किया गया था। सीआईए होडल के सहायक उप निरीक्षक महानंद सिंह द्वारा जारी विवेचना के दौरान 11 जून 2026 को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच रोहिणी से अहम सूचना प्राप्त हुई कि उन्होंने आर्म्स एक्ट के एक मामले में दो आरोपियों सुजीत उर्फ साधु और राजा बाबू उर्फ करण निवासीगण शाहाबाद डेरी, दिल्ली को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने पूछताछ में पलवल में उक्त शव फेंकने की इस वारदात को कुबूल किया है।दिल्ली पुलिस और पलवल पुलिस की संयुक्त कड़ियों के आधार पर मृतक की पहचान रूपसिंह निवासी प्रेम नगर, नजफगढ़, दिल्ली के रूप में हुई। पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी सुजीत उर्फ साधु व राजा बाबू आपस में मिलकर गांजा बेचने का काम करते हैं। मृतक रूपसिंह उनके लिए ओडिशा से गांजा लेकर आता था। आरोपियों ने मार्च 2026 में रूपसिंह को गांजा लाने के लिए साठ हजार रुपये दिए थे, लेकिन उसने बहाना बनाकर पैसे हजम कर लिए। इसी रंजिश के चलते 6 अप्रैल 2026 को आरोपियों ने रूपसिंह को तुगलकाबाद पुराने किले के पास बुलाया और पार्क में पैसों को लेकर हुए झगड़े में बीयर की बोतल व चाकू से हमला कर उसे अचेत कर दिया और रूपसिंह को उसकी ही स्कूटी पर बीच में बैठाकर रात में पलवल के अगवानपुर में एक गंदे नाले के पास खाली प्लॉट देखकर वहां जोर से पटक दिया, जहां उसकी मृत्यु हो गईं। आरोपी मृतक का मोबाइल फोन और सात सौ रुपये लेकर फरार हो गए थे। मामले में सीआईए होडल टीम द्वारा मुख्य आरोपी सुजीत उर्फ साधु को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार कर उससे वारदात में प्रयुक्त चाकू तथा बोतल कांच बरामद कर जेल भेज दिया।सीआईए होडल की टीम द्वारा ठोस पैरवी करते हुए दूसरे मुख्य आरोपी राजा बाबू को माननीय अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए साथ ही मृतक के ₹500 भी बरामद किए। 3 दिन की रिमांड अवधि उपरांत आरोपी आज जेल भेज दिया गया।
BB News 24 www.bbnews24.live