पुलिस अधीक्षक पलवल श नीतीश अग्रवाल के कुशल निर्देशन में जिला पुलिस पलवल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पलवल साइबर क्राइम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ऑनलाइन ट्रेडिंग और भारी मुनाफे का लालच देकर एक युवक से 8,59,500 रूपए की साइबर ठगी करने के मामले में पुलिस ने मामले में संलिप्त अंतरराज्यीय गिरोह के 14 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।पलवल साइबर क्राइम थाना प्रभारी संदीप कुमार के अनुसार मामले में शिकायतकर्ता भारत भूषण (निवासी भुल्लु पट्टी, गांव सौन्दहट, होडल, पलवल) ने बताया कि 1 जनवरी 2026 को उसने इंस्टाग्राम पर ट्रेडिंग और 200 प्रतिशत से अधिक गारंटीड रिटर्न का विज्ञापन देखा था। विज्ञापनों के झांसे में आकर जब उसने संपर्क किया, तो साइबर ठगों ने शुरुआत में उससे 18,000 रूपए निवेश करवाए और 50,000 रूपए का रिटर्न देकर उसका विश्वास जीत लिया।इसके बाद ठगों ने उसे टेलीग्राम और व्हाट्सएप के विशेष ग्रुपों में जोड़ दिया और फर्जी वेबसाइटों के जरिए सोने-चांदी में निवेश के नाम पर लाखों रुपये जमा करवा लिए। जब पीड़ित ने फर्जी वेबसाइट पर दिख रहा 10 लाख से अधिक का मुनाफा निकालने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने टैक्स के नाम पर 1.5 लाख अतिरिक्त ऐंठ लिए और बाद में संपर्क तोड़ दिया।मामले की जांच कर रहे एचसी निखिल ने जब पीड़ित के खाते से कटे पैसों और बैंक खातों का रिकॉर्ड खंगाला, तो इस अंतरराज्यीय गिरोह की कड़ियां छत्तीसगढ़ के सरगुजा साइबर पुलिस थाना में दर्ज एक अन्य मामले से जुड़ी पाई गईं। जांच में सामने आया कि आरोपी अंकित गुप्ता और उसका गिरोह पहले से ही छत्तीसगढ़ की अंबिकापुर जेल में बंद था। पलवल पुलिस ने अदालत से अनुमति लेकर कुल 14 आरोपियों को 19 जुलाई को प्रोडक्शन वारंट पर पलवल लाया था।मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) निवासी अंकित गुप्ता, सूरत (गुजरात) निवासी लिम्बानी अवनिक मनसुखभाई, दिल्ली निवासी रणधीर शाह व अमन कुमार जायसवाल, ओडिशा निवासी हाल भिवाड़ी (राजस्थान) खिरोद कुमार बेहरा, गाजियाबाद निवासी मयंक गोयल और गुरुग्राम निवासी जतिन बतरा,रोहतक (हरियाणा) निवासी गौरव उर्फ गौरू वोहरा व आशीष गुप्ता उर्फ आशु उर्फ राबिन, रामपुकार साहु उर्फ चंदन छीतन साहु निवासी दरभंगा (बिहार) ,विक्की कुमार उर्फ अनुराग उर्फ रॉकी व रामदीप कुमार उर्फ सिबु निवासी आरा (बिहार) ,पियूष शर्मा निवासी ग्वालियर (मध्य प्रदेश) ,नितिन गिनौतरा निवासी रांची (झारखंड) को पलवल लाया गया।थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में गिरफ्तार सात आरोपियों रोहतक (हरियाणा) निवासी गौरव उर्फ गौरू वोहरा व आशीष गुप्ता उर्फ आशु उर्फ राबिन, रामपुकार साहु निवासी दरभंगा (बिहार) ,विक्की कुमार उर्फ अनुराग उर्फ रॉकी व रामदीप कुमार उर्फ सिबु निवासी आरा (बिहार) ,पियूष शर्मा निवासी ग्वालियर (मध्य प्रदेश) ,नितिन गिनौतरा निवासी रांची (झारखंड) को पहले ही न्याय करासत में भेज दिया गया था जबकि अन्य सात आरोपियों को गहन पूछताछ हेतु 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया, जिन्हें आज पेश अदालत कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। साइबर ठगी से जुड़े किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।वहीं पुलिस अधीक्षक पलवल ने आम जनता को चेतावनी जारी करते हुए अपील की है कि सोशल मीडिया पर शेयर किए जाने वाले लुभावने ट्रेडिंग विज्ञापनों और अज्ञात टेलीग्राम ग्रुपों से सावधान रहें। किसी भी प्रकार की वित्तीय ठगी होने पर तुरंत अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
BB News 24 www.bbnews24.live