सरकारी स्कूलों में मुख्यमंत्री उड़न दस्ते की छापेमारी, देरी से पहुंचे शिक्षक, मिड-डे मील में मिलीं भारी कमियां

मुख्यमंत्री उड़नदस्ता  टीम ने पलवल जिले के हथीन खंड के उटावड़ गांव स्थित सरकारी स्कूलों में औचक निरीक्षण में मिड डे मील में गड़बड़ी पाई व प्रिंसिपल सहित कई अध्यापक गैरहाजिर मिले । गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में स्कूलों में अध्यापकों की भारी लापरवाही, समय पर न आने की आदत, छात्राओं की बेहद कम उपस्थिति और मिड-डे मील के वितरण में अनियमितताएं सामने आई हैं।इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए मुख्यमंत्री उड़न दस्ता फरीदाबाद की टीम के साथ नायब तहसीलदार हथीन एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट श्रवण कुमार तथा खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी पलवल राजेश वर्मा मौके पर मौजूद रहे। टीम ने संयुक्त रूप से राजकीय कन्या प्राथमिक पाठशाला उटावड़ और राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल उटावड़ का अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुबह सवा आठ बजे तक दोनों ही स्कूलों में एक भी अध्यापक उपस्थित नहीं पाया गया, जबकि बच्चे बिना शिक्षकों के स्कूल परिसर में घूमते मिले।इसके बाद राजकीय कन्या प्राथमिक पाठशाला उटावड़ की जांच करने पर पाया गया कि नौ अध्यापक देरी से पहुंचे, दो अध्यापक पूरी तरह गैर-हाजिर मिले, एक शिक्षक आकस्मिक अवकाश पर था और तीन की ड्यूटी बीएलओ के रूप में लगी हुई थी। स्कूल के रिकार्ड के अनुसार कुल 700 नामांकित बच्चों में से केवल 188 बच्चे ही उपस्थित पाए गए। जब मिड-डे मील के स्टॉक का रिकॉर्ड से मिलान किया गया तो खाद्य सुरक्षा के मानकों की धज्जियां उड़ती दिखाई दीं। स्टाक में खीर बनाने के मिक्चर के दो बैग और 38 किलोग्राम सोया चूरा ऐसा मिला, जिनकी उपयोग करने की समयावधि यानी एक्सपायरी डेट काफी पहले समाप्त हो चुकी थी। इसके बावजूद यह सामान बच्चों के खाने के लिए रखा हुआ था। खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए इस एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया।इतना ही नहीं, प्राथमिक विद्यालय के भंडार में रखे कच्चे चावलों का भौतिक निरीक्षण करने पर उनमें सुरसरी (कीड़े) लगी पाई गई। विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कीड़े लगे कच्चे चावल और बच्चों के लिए पकाए गए राजमा का एक-एक सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा।इसके बाद टीम ने राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल उटावड़ का रुख किया। वहां भी हालात कुछ अलग नहीं थे। स्कूल के कुल छह अध्यापकों में से चार देरी से पहुंचे, एक शिक्षक छुट्टी पर था और स्कूल के प्रिंसिपल सुनील यादव बिना किसी सूचना के गैर-हाजिर पाए गए। इस स्कूल में नामांकित 507 छात्राओं में से केवल 80 छात्राएं ही स्कूल पहुंची थीं, जबकि 431 छात्राएं अनुपस्थित थीं। जांच अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दोनों स्कूलों में पाई गई इन सभी गंभीर कमियों, शिक्षकों की अनुपस्थिति और मिड-डे मील में बरती गई लापरवाही के संबंध में एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसे आगामी सख्त विभागीय कार्रवाई के लिए तुरंत उच्च अधिकारियों और मुख्यालय को भेजा जाएगा।

Check Also

हत्या कर पलवल में शव फेंकने वाला दूसरा मुख्य आरोपी क्राइम ब्रांच होडल की गिरफ्त में

पुलिस अधीक्षक पलवल श्री नीतीश अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन में कार्य करते हुए पलवल पुलिस …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *