कांवड़ यात्रा को लेकर पलवल पुलिस के व्यापक प्रबन्ध

श्रावण मास के पावन अवसर पर आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक पलवल  नीतीश अग्रवाल के निर्देशानुसार पलवल पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध किए गए हैं। जिले के सभी थाना प्रभारियों, यातायात पुलिस एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके तथा आमजन को भी असुविधा न हो।पुलिस अधीक्षक  नीतीश अग्रवाल ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पलवल पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, हुड़दंग, नियमों की अवहेलना अथवा कानून व्यवस्था भंग करने का प्रयास किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पलवल पुलिस पूरी सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ यात्रा मार्गों पर लगातार निगरानी रखेगी। जिले में चिह्नित 27 नाके लगाए गए हैं।  कांवड़ यात्रियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्दे देते हुए कांवड़ यात्रा के दौरान सड़क के बाईं ओर निर्धारित लेन का ही प्रयोग करने,डीजे की ऊंचाई वाहन की बॉडी से अधिक न रखने, ताकि बिजली के तारों से दुर्घटना की संभावना न रहे।किसी भी वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक व्यक्ति न बैठाने,सभी यातायात नियमों एवं मोटर वाहन अधिनियम का पालन करने ,डीजे की ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने ,तलवार, फरसा, गंडासा, हॉकी, अवैध हथियार अथवा किसी भी प्रकार के घातक हथियार यात्रा में साथ न रखने,शराब या किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों का सेवन कर यात्रा न करने,आपसी भाईचारा, अनुशासन एवं धार्मिक सौहार्द बनाए रखने तथा बिना साइलेंसर अथवा मॉडिफाइड साइलेंसर (पटाखा साइलेंसर) वाली मोटरसाइकिल का प्रयोग न करें। ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। कांवड़ शिविर लगाने से पूर्व संबंधित थाना से अनुमति लेना अनिवार्य है। शिविर मुख्य सड़क अथवा राष्ट्रीय राजमार्ग से सुरक्षित दूरी पर लगाए जाएं ताकि यातायात बाधित न हो। वाहनों की पार्किंग के लिए अलग व्यवस्था सुनिश्चित करें। शिविरों में पर्याप्त स्वयंसेवक तैनात करें तथा सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाएं। अग्निशमन एवं प्राथमिक उपचार जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध रखें। कांवड़ यात्रा मार्गों पर वाहन धीमी गति एवं सावधानीपूर्वक चलाएं। कांवड़ियों के जत्थे को ओवरटेक करने का प्रयास न करें। पुलिस द्वारा जारी रूट डायवर्जन का पालन करें तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों एवं ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें।
पुलिस अधीक्षक  नीतीश अग्रवाल ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति कानून व्यवस्था भंग करने, धार्मिक भावनाओं को आहत करने, हुड़दंग मचाने अथवा पुलिस द्वारा जारी वैध निर्देशों की अवहेलना करता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा एक आस्था, श्रद्धा एवं अनुशासन का पर्व है। सभी श्रद्धालु, शिविर आयोजक, वाहन चालक एवं आमजन पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित कांवड़ यात्रा संपन्न कराने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। पलवल पुलिस श्रद्धालुओं की सेवा, सुरक्षा एवं सुविधा के लिए 24 घंटे पूरी तत्परता के साथ तैनात रहेगी।

Check Also

एसवीएसयू की परीक्षा शाखा ने एक माह में रिकॉर्ड 540 परिणाम घोषित किए

  श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय की परीक्षा शाखा ने एक महीने में 540 परिणाम घोषित …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *