हरियाणा प्रदेश का पलवल जिला आने वाली 13 अगस्त को देशभक्ति के एक ऐसे विराट आयोजन का साक्षी बनने जा रहा है, जिसकी गूंज देश ही नहीं बल्कि दुनिया तक पहुंचने की उम्मीद है। 13 अगस्त को पलवल इतिहास रचने जा रहा है। मेरा भारत-मेरा अभिमान और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत पलवल में करीब 5 किलोमीटर लंबा और 10 फीट चौड़ा विशाल तिरंगा थामकर तकरीबन 50 हजार हजारों लोगों द्वारा शहर की सडक़ों से तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। जिस पर देश-दुनिया की निगाहें टिकी हुई हैं। जिला प्रशासन इस ऐतिहासिक आयोजन के माध्यम से संभावित विश्व कीर्तिमान स्थापित करने की तैयारी में जुटा हुआ है।हरियाणा सरकार में खेल, युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता तथा कानून एवं विधायी कार्य राज्य मंत्री गौरव गौतम ने सोमवार को इस विशाल तिरंगा यात्रा के आयोजन की तैयारियों को लेकर अधिकारियों एवं संबंधित विभागों के साथ बैठक कर अब तक की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने यात्रा के रूट, सुरक्षा व्यवस्था, स्टाल इंस्टॉलेशन, यात्रा प्वाइंट्स, यातायात प्रबंधन, तिरंगे की व्यवस्था, नागरिकों की भागीदारी, वॉलिंटियर्स की तैनाती तथा स्टेडियम में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम यहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि बृज नगरी पलवल पर देश-दुनिया की निगाहें टिकी हुई हैं। 13 अगस्त को पलवल की धरती पर तिरंगे की शान में ऐसा इतिहास रचा जाएगा, जिसे आने वाली पीढिय़ां सदियों तक याद रखेंगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने वाला विराट जन-आंदोलन साबित होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए और प्रत्येक व्यवस्था को बेहतर समन्वय के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आयोजन में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।*पुलिस लाइन से स्टेडियम तक दिखेगा तिरंगे का विराट स्वरूप :*
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि विशाल तिरंगा यात्रा 13 अगस्त को सुबह 7 बजे से पुलिस लाइन पलवल से शुरू होकर आगरा चौक पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम तक पहुंचेगी। यात्रा में लगभग 50 हजार नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। युवा, खिलाड़ी, विद्यार्थी, एनसीसी-एनएसएस कैडेट्स, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि इतने बड़े आयोजन के लिए कहीं भी कमी की कोई गुंजाइश नहीं है। इसलिए जिसे जो भी जिम्मेदारी मिली है वे उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएं। उन्होंने कहा कि जब 5 किलोमीटर लंबा तिरंगा हजारों हाथों में लहराता हुआ पलवल की सडक़ों से गुजरेगा, तब पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आएगा। ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ के नारों से वातावरण गूंज उठेगा और यह पल सचमुच ऐतिहासिक होगा।खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तिरंगा यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छता, पार्किंग, बिजली व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि आयोजन में शामिल होने वाले प्रत्येक नागरिक को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि पलवल को इस ऐतिहासिक आयोजन के माध्यम से देश के सामने राष्ट्रीय एकता और सामूहिक देशभक्ति का संदेश प्रस्तुत करना है। इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी इस आयोजन को पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ सफल बनाने में जुटें।
*स्टेडियम में होगा भव्य समापन : उपायुक्त*
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि तिरंगा यात्रा पलवल स्थित पुलिस लाइन से शुरू नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम पहुंचेगी, जहां इसका भव्य समापन होगा। यहां विख्यात कलाकार देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रेरणादायी प्रस्तुतियां और राष्ट्रभक्ति के गीत कार्यक्रम को और भव्य बनाएंगे। उन्होंने जिले के प्रत्येक नागरिक से इस ऐतिहासिक यात्रा में बढ़-चढक़र भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि जब हजारों लोग एक साथ एक विशाल तिरंगे को थामकर आगे बढ़ेंगे, तो यह दृश्य राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और सामूहिक देशभक्ति का शक्तिशाली संदेश देगा।पुलिस अधीक्षक नितीश अग्रवाल ने तिरंगा यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने तिरंगा यात्रा के निर्धारित रूट पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, यात्रा में शामिल होने वाले नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वाहन पार्किंग के लिए निर्धारित स्थानों पर उचित व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तिरंगा यात्रा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो तथा यातायात बाधित न हो। पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी एवं समन्वय के साथ ड्यूटी निभाएं।बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला, अतिरिक्त उपायुक्त एवं तिरंगा यात्रा के नोडल अधिकारी उत्सव आनंद, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र कुमार, डीएमसी मनीषा शर्मा, एसडीएम पलवल भूपेंद्र सिंह, जिला राजस्व अधिकारी बलराज सिंह दांगी, डीडीपीओ उपमा अरोड़ा, महाप्रबंधक शुगर मिल पलवल द्विजा, उप पुलिस अधीक्षक नरेंद्र खटाना सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण, एनजीओ संगठन व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
BB News 24 www.bbnews24.live