होडल में स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल सम्पन्न

80वें उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के तहत बुधवार को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, होडल में फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया। फाइनल रिहर्सल में एसडीएम बलीना ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर भव्य परेड का निरीक्षण किया तथा विभिन्न टुकडिय़ों द्वारा प्रस्तुत किए गए मार्च पास्ट की सलामी ली।फुलड्रेस रिहर्सल के दौरान एसडीएम बलीना ने उपमंडलवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे देश की आजादी, वीर शहीदों के बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य एवं आकर्षक बनाने के लिए देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों को विशेष रूप से शामिल किया गया है। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी अपनी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का संदेश देंगे।एसडीएम बलीना ने बताया कि 15 अगस्त को आयोजित होने वाले उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में होडल के विधायक हरेंद्र सिंह  मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। समारोह के दौरान राष्ट्रीय ध्वजारोहण के साथ-साथ विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।फाइनल रिहर्सल में हरियाणा पुलिस, एनसीसी छात्र एवं छात्राओं की संयुक्त टीम, एनसीसी छात्राओं, स्काउट एंड गाइड्स तथा एनएसएस की टुकडिय़ों ने शानदार एवं अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। एसडीएम बलीना ने सभी टुकडिय़ों का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। विद्यार्थियों एवं जवानों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ रिहर्सल में भाग लिया।इस अवसर पर तहसीलदार अनिल कुमार, डीएसपी सुरेश भड़ाना, खंड शिक्षा अधिकारी जगत सिंह, एएफएसओ संतोष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं अध्यापक मौजूद रहे।

Check Also

पप्पन प्लाजा में दिखा भक्ति के रंगों का अद्भुत संगम

सावन के पावन महीने में  पलवल के पप्पन प्लाजा में भक्ति और आस्था का अद्भुत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *