उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि बृज नगरी पलवल आज ऐतिहासिक आयोजन की साक्षी बनने जा रही है, जिसकी गूंज देश-विदेश में सुनाई देगी। 13 अगस्त को पलवल जिला ऐसा इतिहास रचने जा रहा है, जिसकी यादें सदियों तक लोगों के जहन में जिंदा रहेंगी। उन्होंने बुधवार को तिरंगा यात्रा के संबंध में ड्यूटी मजिस्ट्रेट सहित विभिन्न विद्यालय और कॉलेज संचालकों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार में खेल, युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता तथा कानून एवं विधायी कार्य राज्य मंत्री गौरव गौतम विशाल तिरंगा यात्रा का नेतृत्व करेंगे।उपायुक्त ने कहा कि यह इवेंट प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी के स्वाभिमान से भी बढक़र है। इस कार्यक्रम में गलती की कोई गुंजाइश नहीं है। सभी को मिलकर काम करना है। सभी अधिकारी और कर्मचारी जिला प्रशासन की आंख-कान बनकर कार्य करें और एक-दूसरे के संपर्क में रहे। सभी समय पर कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने कहा कि पलवल विश्व रिकॉर्ड कायम करेगा तो इसमें सभी का नाम होगा और सभी को अपने ऊपर गर्व होगा। उन्होंने कहा कि मेरा भारत-मेरा अभिमान और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत पलवल में करीब 5 किलोमीटर लंबा और 10 फीट चौड़ा विशाल तिरंगा थामकर हजारों लोगों द्वारा शहर की सडक़ों से तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन इस ऐतिहासिक आयोजन के माध्यम से संभावित विश्व कीर्तिमान स्थापित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।उपायुक्त ने यात्रा के रूट, सुरक्षा व्यवस्था, स्टाल इंस्टॉलेशन, यात्रा प्वाइंट्स, यातायात प्रबंधन, तिरंगे की व्यवस्था, नागरिकों की भागीदारी, वॉलिंटियर्स की तैनाती और उनकी जलपान व्यवस्था तथा स्टेडियम में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने वाला विराट जन-आंदोलन साबित होगी।उपायुक्त ने कहा कि मेरा भारत मेरा अभिमान और हर घर तिरंगा अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा 13 अगस्त को सुबह 7 से पुलिस लाइन से शुरू होकर बुधा ढाबा, राजकीय विद्यालय बहरोला, चैरिटेबल अस्पताल बहरोला, पीएचईडी कार्यालय बहरोला, प्रजापति धर्मशाला बहरोला, अटोहा के सामने, केएमपी पुल से पहले, केएमपी फ्लाईओवर के नीचे, दिल्ली-आगरा के साइन बोर्ड के नीचे और केएमपी से उतरते हुए कोर्ट परिसर कट, मुख्य कोर्ट परिसर कट, देवी अहिल्याबाई होल्कर धर्मशाला, डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, धोलागढ़ मोड़, हरे कृष्णा होटल कुशलीपुर, टॉकिंग टाटा एजेंसी शोरूम तक जाएगी। इस विशाल तिरंगा यात्रा का आगरा चौक स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य समापन होगा।
*पुलिस लाइन से स्टेडियम तक दिखेगा तिरंगे का विराट स्वरूप :*
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि विशाल तिरंगा यात्रा 13 अगस्त को सुबह 7 बजे से पुलिस लाइन पलवल से शुरू होकर आगरा चौक पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम तक पहुंचेगी। यात्रा में हजारों की संख्या में नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। युवा, खिलाड़ी, विद्यार्थी, एनसीसी-एनएसएस कैडेट्स, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि इतने बड़े आयोजन के लिए कहीं भी कमी की कोई गुंजाइश नहीं है। इसलिए जिसे जो भी जिम्मेदारी मिली है वे उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएं।
*स्टेडियम में होगा भव्य समापन : उपायुक्त*
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि तिरंगा यात्रा पलवल स्थित पुलिस लाइन से शुरू नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम पहुंचेगी, जहां इसका भव्य समापन होगा। यहां विख्यात कलाकार देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रेरणादायी प्रस्तुतियां और राष्ट्रभक्ति के गीत कार्यक्रम को और भव्य बनाएंगे। उन्होंने जिले के प्रत्येक नागरिक से इस ऐतिहासिक यात्रा में बढ़-चढक़र भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि जब हजारों लोग एक साथ एक विशाल तिरंगे को थामकर आगे बढ़ेंगे, तो यह दृश्य राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और सामूहिक देशभक्ति का शक्तिशाली संदेश देगा।बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त एवं तिरंगा यात्रा के नोडल अधिकारी उत्सव आनंद, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र कुमार, एसडीएम पलवल भूपेंद्र सिंह, एसडीएम हथीन हरिराम, तहसीलदार दिनेश कुमार, उप पुलिस अधीक्षक नरेंद्र खटाना सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण, एनजीओ संगठन व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
BB News 24 www.bbnews24.live