एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने वाला मुख्य आरोपी धरा
BB News 24
September 10, 2026

पुलिस अधीक्षक, पलवल दीप्ति गर्ग के कुशल मार्गदर्शन में पलवल पुलिस की सीआईए स्टाफ पलवल टीम ने एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से धोखाधड़ी से पैसे निकालने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। सीआईए स्टाफ पलवल प्रभारी निरीक्षक जगमिंदर सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 14 अगस्त को राम मंडल निवासी बिहार हाल हथीन मोड़ पलवल, रेलवे रोड पर स्थित एक एटीएम मशीन से पैसे निकालने गए थे। वहां 2/3 लड़कों ने धोखे से उनका एटीएम कार्ड बदल लिया और उनके खाते से 29,000 रुपये निकाल लिए। सी.आई.ए. स्टाफ पलवल की टीम ने तकनीकी सहायता, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर 9 सितम्बर को मुख्य आरोपी सुखराम उर्फ लड्डु निवासी गांव बढराम, थाना चांदहट, जिला पलवल को फरीदाबाद सेक्टर 12 से काबू किया। अपराधिक रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ जिला फरीदाबाद एवं पलवल के विभिन्न थानों में एटीएम बदलकर धोखाधड़ी, चोरी, अवैध हथियार रखने आदि 15 संगीन मामले दर्ज हैं।आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है ताकि धोखाधड़ी में प्रयुक्त एटीएम कार्ड और ठगी गई शेष राशि बरामद की जा सके। पुलिस इस मामले में उसके अन्य साथी की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
Post Views: 59