पलवल शहर का ऐतिहासिक बलदेव छठ मेला इस बार 5 सितंबर से शुरू हो गया है जो कि 27 सितंबर तक चलेगा। दाऊजी महाराज के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले इस मेले को लेकर श्रद्धालुओं और शहरवासियों में उत्साह है। मेला समिति की ओर से धार्मिक, सांस्कृतिक और मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।मेले के दौरान 11 से 18 सितंबर तक श्यामा कुंज, कमेटी चौक पर रात आठ बजे से रामलीला का मंचन किया जाएगा। 17 सितंबर को दाऊजी मंदिर में दाऊजी महाराज का जन्मोत्सव मनाया जाएगा, जबकि 18 सितंबर को मंदिर में छप्पन भोग का आयोजन होगा।19 सितंबर को शाम पांच बजे कमेटी चौक से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा के बाद कमेटी चौक पर भारत मिलाप का आयोजन होगा। 20 सितंबर को सुबह दाऊजी मंदिर में सुंदरकांड पाठ तथा शाम को श्यामा कुंज में खाटू श्याम जी का कीर्तन आयोजित किया जाएगा। 23 सितंबर को दाऊजी मंदिर में दाऊजी महाराज की छठी पूजन होगी। मेले का समापन 27 सितंबर को श्यामा कुंज में किया जाएगा।
जलपरी और भूत बंगला रहेंगे आकर्षण
मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ लोगों के मनोरंजन का भी विशेष इंतजाम किया गया है। इस बार जलपरी, रिमोट से संचालित भूत बंगला और सर्कस मेले में आने वाले लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहेंगे। मेला समिति के महासचिव भगवत स्वरूप सिंगला ने बताया कि मेले को आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की गई हैं।मेला समिति के प्रधान अनिल मोहन मंगला ने बताया कि बलदेव छठ मेला पलवल की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ा प्रमुख आयोजन है। मेले में शहर के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
BB News 24 www.bbnews24.live