राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर व सेवा मेरा योगदान के तहत जिला रेडक्रॉस सोसायटी ने किए सेवा कार्य

सरकार की ओर से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी हरियाणा के उपाध्यक्ष अंकुश मिगलानी, महासचिव सुनील कुमार के मार्गदर्शन में तथा उपायुक्त एवं प्रधान, जिला रेडक्रॉस सोसायटी पलवल, डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर के निर्देशानुसार राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर जिला रेडक्रॉस सोसायटी पलवल द्वारा सेवा मेरा योगदान के तहत विभिन्न सेवा कार्यक्रम में सहयोग किया। जिला रेडक्रॉस सोसायटी पलवल की चेयरपर्सन डा. शिवानी छिल्लर ने जिला नागरिक अस्पताल पलवल में भर्ती 145 मरीजों को अपने कर-कमलों से फल वितरित किए। इस दौरान मरीजों एवं उनके परिजनों से कुशलक्षेम भी पूछी तथा जरूरतमंदों की सेवा के लिए रेडक्रॉस सोसायटी की प्रतिबद्धता दोहराई। चेयरपर्सन डा. शिवानी छिल्लर द्वारा जिला नागरिक अस्पताल पलवल के प्रांगण में संचालित महाकाल की रसोई में जरूरतमंद लोगों को भोजन वितरित किया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद एवं असहाय लोगों की सेवा करना मानवता की सच्ची सेवा है और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को ऐसे कार्यों में सहयोग करना चाहिए। सेवा मेरा योगदान की अंतिम कड़ी में राजकीय प्रशिक्षण संस्थान पलवल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आईटीआई पलवल में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। चेयरपर्सन डा. शिवानी छिल्लर ने रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र वितरण करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सबसे पुनीत कार्य है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। दुर्घटना, गंभीर बीमारी, प्रसव तथा आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे समय में स्वैच्छिक रक्तदाता महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। रक्तदान करने से न केवल किसी की जिंदगी बचाने में मदद मिलती है, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना भी मजबूत होती है। सरकारी रक्तकोष की टीम द्वारा रक्त एकत्रित किया गया। रक्तदान शिविर के माध्यम से युवाओं को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करते हुए रक्तदान के महत्व का संदेश दिया गया। इस अवसर पर जिला रेडक्रॉस सोसायटी पलवल के सचिव महेश गुप्ता, जिला प्रशिक्षण अधिकारी नीतू सिंह, अंजलि भ्याना, जयश्री जिंदल, लाइफ मेंबर भोजपाल, आरती, अनीता, उषा, सूर्यकांत, अशोक, सुमन सहित जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अन्य सदस्य व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Check Also

सरकार फसल खरीद प्रक्रिया के दौरान अन्नदाताओं को बेहतरीन सुविधाएं प्रदान करने के लिए कृतसंकल्प : गौरव गौतम

हरियाणा सरकार में खेल एवं युवा अधिकारिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने मंगलवार को उपायुक्त …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *