सरकार फसल खरीद प्रक्रिया के दौरान अन्नदाताओं को बेहतरीन सुविधाएं प्रदान करने के लिए कृतसंकल्प : गौरव गौतम

हरियाणा सरकार में खेल एवं युवा अधिकारिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने मंगलवार को उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर, पलवल मार्केट कमेटी के चेयरमैन पंकज विरमानी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ पलवल अनाज मंडी का दौरा कर चालू फसल खरीद सीजन के तहत मंडी में किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंडी में फसल बिक्री के लिए पहुंचे किसानों से बातचीत कर खरीद प्रक्रिया के संबंध में किसानों से अनाज मंडी में की गई व्यवस्थाओं और सुविधाओं बारे फीडबैक भी लिया।खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि सरकार फसल खरीद प्रक्रिया के दौरान अन्नदाताओं को बेहतरीन सुविधाएं प्रदान करने के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि अनाज मंडियों में किसानों को अपनी फसल बेचने के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनकी सुविधा एवं सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अनाज मंडी में पहुंचकर इलेक्ट्रॉनिक काटे सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा फसल में नमी की जांच भी की। उन्होंने कहा कि फसल खरीद प्रक्रिया के दौरान किसानों और आढ़तियों को कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसान अपनी फसल को सुगमता से मंडी में बेच सकें और उन्हें बेहतर सुविधाएं मिलें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनाज मंडी में आने वाले प्रत्येक किसान के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और फसल खरीद प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करवाया जाए। उन्होंने अनाज मंडी परिसर में किसानों से बातचीत करते हुए उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। किसानों ने मंडी में फसल खरीद, सुविधाओं और व्यवस्थाओं को लेकर अपनी बात राज्य मंत्री गौरव गौतम के समक्ष रखी। राज्य मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को किसानों की माप-तोल से संबंधित समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।खेल राज्य मंत्री ने कहा कि मंडियों में फसल खरीद प्रक्रिया व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संचालित होनी चाहिए। किसानों को गेट पास, फसल की खरीद, उठान, भुगतान सहित किसी भी प्रक्रिया में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को मंडी में नियमित निगरानी रखने और किसानों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Check Also

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत पर्यावरण-अनुकूल भव्य रंगोली का निर्माण

राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, होडल में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के “रंगोली राष्ट्र” मॉड्यूल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *