पलवल पुलिस को मिली सफलता का खुलासा आयोजित प्रेस वार्ता में करते हुए डीएसपी हेडक्वार्टर पलवल नरेंद्र सिंह खटाना ने बताया कि पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग के अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत अपराध शाखा (सीआईए) पलवल की टीम ने अदम्य साहस दिखाते हुए मुठभेड़ के बाद एक अंतरराज्यीय लूट गिरोह के चार खतरनाक बदमाशों को दबोच लिया है। पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला करने वाले दो बदमाशों को जवाबी कार्रवाई में गोली लगी है, जिन्हें काबू कर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।डीएसपी हेडक्वार्टर पलवल ने बताया कि सीआईए प्रभारी निरीक्षक जगमिन्दर सिंह अपनी टीम के साथ अपराध रोकथाम और गश्त के दौरान आल्हापुर मोड़ नेशनल हाईवे-19 पर मौजूद थे। उसी समय जिला क्राइम सेल सेक्टर 24,चंडीगढ़ पुलिस के इंचार्ज निरीक्षक जसवीर सिंहसे गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि चार शातिर बदमाशों ने चंडीगढ़ में गन प्वाइंट पर सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार लूटी है और वे उस गाड़ी की नंबर प्लेट हटाकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के मकसद से गदपुरी क्षेत्र में दाखिल हुए हैं।सूचना मिलते ही सीआईए पलवल की दो विशेष टीमों जिनमें सीआईए प्रभारी निरीक्षक जगमिन्दर सिंह, श्रीचंद, लक्ष्मण, नेपाल , सुंदर, सुरेंद्र , रविंद्र, सोनू एवं सिपाही सचिन शामिल है का गठन कर तत्काल घेराबंदी शुरू की गई। पृथला से छपरौला रोड की तरफ बड़े मंदिर के पास बनी में बिना नंबर प्लेट वाली उक्त डिजायर कार दिखाई दी। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जब अपनी सरकारी गाड़ी आगे लगाकर उनका रास्ता रोका, तो चारों बदमाशों ने गाड़ी से उतरकर झाड़ियों की तरफ भागना शुरू कर दिया।पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने पर बदमाशों ने सरेंडर करने के बजाय जान से मारने की नीयत से पुलिस पार्टी पर सीधे फायर झोंक दिए। पुलिस जवानों ने संयम व सूझबूझ से अपना बचाव किया और बदमाशों को हथियार डालने की अंतिम चेतावनी दी। इसके बावजूद जब बदमाशों ने दोबारा पुलिस टीम पर हथियार ताने, तो पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी और वे मौके पर ही गिर पड़े।पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए चारों बदमाशों को काबू कर लिया। गोली लगने से घायल हुए बदमाशों की पहचान लक्की निवासी शक्ति नगर बरनाला (पंजाब) और रोशनाचार्य निवासी नेपाल (हाल निवासी बरनाला, पंजाब) के रूप में हुई। दोनों को पुलिस निगरानी में उपचार हेतु नागरिक अस्पताल पलवल दाखिल कराया गया है। वहीं मौके से पकड़े गए अन्य दो आरोपियों की पहचान सन्नी निवासी शेरवा रोड बरनाला (पंजाब) और खुशप्रीत सिंह निवासी बरनाला (पंजाब) के रूप में की गई।तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा 315 बोर, एक देशी पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस, खाली खोल, चंडीगढ़ से गन प्वाइंट पर लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार, उतारी गई दोनों नंबर प्लेटें तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।थाना गदपुरी में आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।आरोपी लक्की के खिलाफ पंजाव के विभिन्न थानों में NDPS जानलेवा हमला, अवैध हथियार रखने जैसे 6 संगीन मामले , आरोपी रोशनाचार्य के खिलाफ पंजाब के विभिन्न थानों में NDPS, शराब तस्करी, अवैध हथियार रखने जैसे 9 संगीन मामले , आरोपी सन्नी के खिलाफ पंजाब के विभिन्न थानों में 3 संगीन मामले , आरोपी खुशप्रीत सिंह के खिलाफ पंजाब के विभिन्न थानों में जानलेवा हमला, अवैध हथियार रखने जैसे 5 संगीन मामले दर्ज हैं।पुलिस अधीक्षक डॉ. दीप्ति गर्ग, आईपीएस ने दो टूक शब्दों में कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि पलवल पुलिस आम जनता की सुरक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। जो भी असामाजिक तत्व या अपराधी हथियारों के बल पर कानून व्यवस्था को चुनौती देने का दुस्साहस करेंगे, उनके खिलाफ कानून के दायरे में कठोर कार्रवाई की जाएगी। अपराध और अपराधियों के लिए पलवल जिले में कोई जगह नहीं है।
BB News 24 www.bbnews24.live