विकसित भारत युवा संसद में डॉ. यशपाल ने युवाओं से किया नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान

विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा नशामुक्त समाज की स्थापना के उद्देश्य से आज मेरा युवा भारत, पलवल द्वारा डॉ. बी.आर. अंबेडकर महाविद्यालय, पलवल में विकसित भारत युवा संसद 2026-27 के अंतर्गत जिला स्तरीय आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर नगर परिषद पलवल के अध्यक्ष डॉ. यशपाल ने मुख्यतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए युवाओं का उत्साहवर्धन किया।
युवाओं को संबोधित करते हुए डॉ. यशपाल ने कहा कि भारत की युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी संपदा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। आज आवश्यकता है कि युवा व्यक्तिगत उन्नति के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण का दायित्व भी पूरी निष्ठा से निभाएं। युवाओं की ऊर्जा, सामर्थ्य, परिश्रम और नवाचार ही भारत को विश्व में अग्रणी स्थान दिलाने का आधार हैं।डॉ. यशपाल ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। यह युवाओं की प्रतिभा, स्वास्थ्य और भविष्य को नष्ट करता है। प्रत्येक युवा का कर्तव्य है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करे। स्वस्थ, शिक्षित, संस्कारवान और नशामुक्त युवा ही सशक्त एवं विकसित भारत की आधारशिला हैं।उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा, कौशल, खेल, नवाचार, सामाजिक सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाएं। लोकतांत्रिक व्यवस्था में विचारों की अभिव्यक्ति, संवाद और तर्कपूर्ण चिंतन का विशेष महत्व है। युवा संसद जैसे आयोजन युवाओं में नेतृत्व क्षमता, वैचारिक परिपक्वता तथा संवैधानिक मूल्यों के प्रति निष्ठा विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।इस वर्ष युवा संसद का मुख्य विषय ‘विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा’ रहा। पलवल जिले से लगभग 170 युवाओं ने मेरा युवा भारत के आधिकारिक जालस्थल के माध्यम से इस प्रतियोगिता में सहभागिता हेतु आवेदन किया था। प्रतिभागियों ने नशे के दुष्परिणामों तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में युवा पीढ़ी के दायित्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए।डॉ. यशपाल ने युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा मेरा युवा भारत की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को राष्ट्र के महत्वपूर्ण विषयों पर चिंतन करने तथा अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि पलवल के युवाओं में अपार प्रतिभा और सामर्थ्य है। उचित अवसर एवं मार्गदर्शन मिलने पर वे प्रदेश और राष्ट्र का गौरव बढ़ा सकते हैं।कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत, पलवल के जिला संयोजक एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े छात्र नेता श्री पुष्पेंद्र कुमार के संयोजन में किया गया। इस अवसर पर नगर परिषद पलवल के अध्यक्ष डॉ. यशपाल, पार्षद दीपचंद, पार्षद जितेन्द्र शर्मा बांके, पार्षद तेजपाल चौधरी, श्रीमती प्रियंका मलिक एवं श्री हरीश कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Check Also

वोट चोरी कर भाजपा कर रही लोकतंत्र की हत्या :कुलदीप शर्मा

कांग्रेस ब्लॉक के तत्वावधान में आज गाँव लाडिया का और रुंधी में वोट बचाओ – …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *