पलवल में 25 जनवरी से शुरू होगा जनगणना-2027 का द्वितीय चरण

हरियाणा प्रदेश के साथ पलवल जिला में भी जनगणना-2027 के द्वितीय चरण अर्थात जनसंख्या गणना  का कार्य 25 जनवरी से 28 फरवरी, 2027 तक संचालित किया जाएगा। इसके बाद 1 मार्च से 5 मार्च, 2027 तक पांच दिवसीय पुनरीक्षण दौर  आयोजित होगा। उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला प्रशासन द्वारा जनगणना के इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करने से पहले जिले के नागरिकों को 10 जनवरी से 24 जनवरी, 2027 तक ऑनलाइन स्व-गणना  की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। इस 15 दिवसीय अवधि में नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से घर बैठे अपने परिवार से संबंधित आवश्यक विवरण स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रगणक घर-घर जाकर दर्ज किए गए विवरण का सत्यापन करेंगे।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि जनगणना-2027 की प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संचालित किया जाएगा। जनगणना ड्यूटी में तैनात स्कूल शिक्षकों एवं अन्य सरकारी कर्मचारियों द्वारा स्मार्टफोन में निर्धारित मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से परिवारों और व्यक्तियों का विवरण सीधे दर्ज किया जाएगा। इसके अतिरिक्त पलवल, होडल और हथीन उपमंडलों में जनगणना कार्य की प्रगति, प्रशासनिक समन्वय एवं पर्यवेक्षण की निगरानी जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। इससे कार्य में पारदर्शिता बनी रहेगी और मानवीय त्रुटियों की संभावना कम होगी।उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान नागरिकों द्वारा दी गई सभी व्यक्तिगत एवं पारिवारिक जानकारियां जनगणना अधिनियम, 1948 के प्रावधानों के तहत पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी।उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि जनसंख्या गणना चरण के दौरान निर्धारित प्रश्नावली के तहत प्रत्येक व्यक्ति से कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। इनमें जनसांख्यिकीय विवरण, सामाजिक एवं शैक्षणिक स्थिति, आर्थिक गतिविधियों, भाषा, प्रवास तथा अन्य निर्धारित बिंदुओं से संबंधित जानकारी शामिल होगी।
उन्होंने जिलावासियों से अपील की कि प्रगणकों के घर पहुंचने पर जानकारी देने और सत्यापन की प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए आधार नंबर, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट तथा मतदाता पहचान पत्र (वोटर आईडी) से संबंधित विवरण आवश्यकतानुसार उपलब्ध रखने की तैयारी करें।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों, उपमंडल अधिकारियों (एसडीएम), चार्ज अधिकारियों तथा जिला की नगर परिषद एवं नगर पालिकाओं को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य में नियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों को उचित प्रशिक्षण प्रदान किया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि जिले का कोई भी परिवार या व्यक्ति जनगणना से वंचित न रहे और न ही किसी प्रकार की दोहराव की स्थिति उत्पन्न हो। उन्होंने चेतावनी दी कि अधिकृत जनगणना कर्मचारियों के सरकारी कार्य में बाधा डालने या हस्तक्षेप करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 11(1)(क) के तहत ऐसे कृत्यों के लिए तीन वर्ष तक के कारावास अथवा एक हजार रुपये तक के जुर्माने या दोनों का प्रावधान है।उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने पलवल जिला के सभी नागरिकों से अपील की कि वे ऑनलाइन स्व-गणना सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा घर-घर पहुंचने वाले प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाकर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त सटीक आंकड़े ही जिला और प्रदेश की भावी विकास योजनाओं तथा जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण का आधार बनते हैं।

Check Also

विकसित भारत युवा संसद में डॉ. यशपाल ने युवाओं से किया नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान

विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा नशामुक्त समाज की स्थापना …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *