केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने स्वच्छता अभियान में झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश

केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री ० कृष्णपाल गुर्जर ने शनिवार को पलवल शहर स्थित क्लॉक टावर के निकट स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं झाड़ू लगाकर श्रमदान किया तथा आमजन से भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस मौके पर उन्होंने रेहड़ी-पटरी वालों और दुकानादारों को डस्टबिन भी वितरित किए। इसके पश्चात केंद्रीय राज्य मंत्री ने अग्रवाल धर्मशाला के समक्ष एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री ने नागरिकों को मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित बुकलेट भी वितरित की। इसके उपरांत केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने पलवल के प्रबुद्धजनों के साथ बैठक कर उन्हें शॉल ओढाकर सम्मानित भी किया।केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने पलवल के प्रबुद्धजनों के साथ बैठक करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा प्रदेश के 12 वर्ष विकास, विश्वास और जनकल्याण के कार्यों को समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए देश को नई दिशा और नई पहचान प्रदान की है। उनके नेतृत्व में भारत आर्थिक रूप से सशक्त हुआ है तथा देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को भी नई मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति देशवासियों और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रति प्रदेशवासियों का विश्वास निरंतर बढ़ा है और विश्व स्तर पर भी भारत की प्रतिष्ठा में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि विभिन्न अंतरराष्ट्रीय सर्वेक्षणों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विश्व के सबसे लोकप्रिय नेताओं में स्थान प्राप्त हुआ है, जो प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है। गुर्जर ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में आधारभूत ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन और रक्षा जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। देशभर में एक्सप्रेस-वे और राष्ट्रीय राजमार्गों का व्यापक विस्तार हुआ है। एयरपोर्ट और मेडिकल कॉलेजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा एमबीबीएस सीटों में भी बड़ा इजाफा किया गया है। उन्होंने कहा कि रेलवे के आधुनिकीकरण और विद्युतीकरण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं, जिसके परिणामस्वरूप ईंधन की खपत में कमी आई है और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिला है।केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर राष्ट्रीय एकता को मजबूत किया है तथा अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण के माध्यम से करोड़ों श्रद्धालुओं की वर्षों पुरानी आस्था को सम्मान दिया है। इसके साथ ही महाकाल मंदिर, केदारनाथ धाम तथा काशी विश्वनाथ धाम सहित अनेक धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का व्यापक विकास और जीर्णोद्धार कराया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के संतुलित एवं समग्र विकास को प्राथमिकता दी है। जनहित को ध्यान में रखते हुए कर व्यवस्था में भी सुधार किए गए हैं। नई कर व्यवस्था के अंतर्गत 12 लाख रुपये तक की वार्षिक आय पर आयकर में राहत प्रदान की गई है, जिससे मध्यम वर्ग को बड़ी सुविधा मिली है।केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि आज भारत विश्व की सबसे तेजी से विकसित होती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था निरंतर मजबूत हो रही है, सीमाएं सुरक्षित हैं और भारत वैश्विक मंच पर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है तथा सभी को स्वच्छता, विकास और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय योगदान देना चाहिए। इस मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने भी पौधारोपण किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर केंद्रीय राज्य मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर व मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर विधायक होडल हरेंद्र सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला, उपायुक्त डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर, अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, नगर निगम की आयुक्त मनीषा शर्मा, पूर्व विधायक दीपक मंगला, नगर परिषद पलवल के चेयरमैन डा. यशपाल, वाइस चेयरमैन मनोज बंधु, हरेंद्रपाल राणा, जिला वन अधिकारी सुरेश पूनिया, मुकेश सिंगला, महेंद्र भडाना, सतबीर पटेल, महेंद्र भडाना, भगत सिंह घुघेरा, विरेद्र शर्मा, मुकेश मित्तल, डा. परमिंदर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Check Also

भाजपा राज में युवा ठगा गया, पेपर लीक माफिया को मिला संरक्षण: नेत्रपाल अधाना

जिला कांग्रेस कमेटी पलवल के जिलाध्यक्ष नेत्रपाल अधाना ने भाजपा सरकार पर युवाओं के भविष्य …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *