निवर्तमान पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल को जिला पुलिस ने दी भावभीनी विदाई

राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित डबचिक पर्यटन स्थल पर रविवार को पलवल के निवर्तमान पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल आईपीएस के स्थानांतरण पर एक भव्य एवं भावुक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग,आईपीएस मुख्य अतिथि के रूप में विशेष रूप से मौजूद रहीं। कार्यक्रम में जिला पुलिस के समस्त उच्च अधिकारियों, थाना प्रभारियों और कर्मचारियों ने श्री नीतीश अग्रवाल को स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी।उल्लेखनीय है कि आईपीएस नीतीश अग्रवाल का तबादला डीसीपी क्राइम, गुरुग्राम के पद पर हुआ है, जबकि झज्जर की डीसीपी मुख्यालय रहीं दीप्ति गर्ग ने पलवल की नई पुलिस अधीक्षक के रूप में कमान संभाली है।
अपने 5 महीने के सफल कार्यकाल के दौरान एसपी नीतीश अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन में पलवल पुलिस ने कई बड़े एवं ब्लाइंड केसों की गुत्थी सुलझाने में सफलता हासिल की। विदाई समारोह में पुलिस अधिकारियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पुलिस ने कई बड़ी उपलब्धियां अर्जित कीं। निवर्तमान एसपी नीतीश अग्रवाल ने कहा कि पलवल में बिताया गया यह कार्यकाल उनके जीवन में हमेशा यादगार रहेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के अटूट सहयोग, जुनून और हौसले की बदौलत ही बड़े-बड़े मामलों का समय पर पर्दाफाश संभव हो सका। उन्होंने विशेष रूप से साइबर सेल, सीआईए, एवीटी और नार्कोटिक्स स्टाफ के उत्कृष्ट कार्यों की खुले दिल से तारीफ की।कार्यक्रम के दौरान डीएसपी मुख्यालय मनोज वर्मा ने कहा कि एसपी नीतीश अग्रवाल का कार्य करने का तरीका अत्यंत प्रेरणादायी था। किसी भी आपराधिक मामले का जब तक पर्दाफाश नहीं हो जाता था, वे खुद आगे बढ़कर पूरी टीम का नेतृत्व करते थे और कर्मचारियों को कभी हतोत्साहित नहीं होने दिया।समारोह के दौरान जिले के सभी पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों ने नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग,आईपीएस  का स्वागत किया और ‘सेवा, सुरक्षा और सहयोग’ के मूल मंत्र के साथ पूरी निष्ठा से अपना कर्तव्य निभाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर डीएसपी मुख्यालय  मनोज वर्मा, डीएसपी शहर नरेंद्र खटाना, डीएसपी होडल सुरेश भड़ाना, डीएसपी हथीन रतनदीप बाली, पीआरओ संजय, सभी थाना, चौकी एवं क्राइम यूनिट सहित जिला पुलिस मुख्यालय के तमाम अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Check Also

विधानसभा में ब्राह्मण समाज पर टिप्पणी को लेकर खेल मंत्री गौरव गौतम का कांग्रेस पर हमला

 विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक द्वारा ब्राह्मण समाज को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *