आगरा नहर के दोनों तरफ आवागमन और यातायात व्यवस्था बेहतरीन होगी, जिसके लिए हरियाणा सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। फरीदाबाद और बल्लभगढ़ होते हुए पलवल की ओर आने वाली आगरा नहर के दोनों तरफ बेहतर सडक़ मार्ग विकसित करने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इस महत्वपूर्ण परियोजना को लेकर हरियाणा सरकार में खेल एवं कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम ने हरियाणा सरकार में लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा से मुलाकात की और उच्च अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक में आगरा नहर के दोनों तरफ रास्तों को विकसित करने से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने परियोजना की प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाने तथा आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित मार्ग की लंबाई लगभग 40 किलोमीटर है। इस परियोजना के सिरे चढऩे से पलवल जिले के साथ-साथ फरीदाबाद-बल्लभगढ़ क्षेत्र से आने-जाने वाले वाहन चालकों और नागरिकों इसका सीधा लाभ मिलेगा। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि इस कार्य से संबंधित सभी जरूरी प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए और लोगों को जल्द से जल्द बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं।प्रस्तावित रास्तों के निर्माण से पलवल की कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी। आगरा नहर के दोनों तरफ बेहतर मार्ग उपलब्ध होने से स्थानीय यातायात को वैकल्पिक रास्ते मिल सकेंगे। इससे मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव कम करने में भी मदद मिल सकती है। फरीदाबाद और बल्लभगढ़ से पलवल की ओर आने-जाने वाले लोगों के लिए यह परियोजना विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बेहतर सडक़ मार्ग बनने से न केवल यात्रा आसान होगी, बल्कि लोगों के समय और ईंधन की भी बचत होगी।
*सडक़ और कनेक्टिविटी किसी भी क्षेत्र के विकास की बुनियाद : गौरव गौतम*
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश में बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पलवल के विकास को लेकर सरकार की प्राथमिकता स्पष्ट है। पलवल को बेहतर सडक़, मजबूत कनेक्टिविटी, आधुनिक आधारभूत सुविधाओं और विकास की नई संभावनाओं से जोडऩे के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सडक़ और कनेक्टिविटी किसी भी क्षेत्र के विकास की बुनियाद होती है। जब लोगों को सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलती है तो व्यापार, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित अन्य क्षेत्रों में भी विकास की संभावनाएं बढ़ती हैं।खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में पलवल को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य है कि पलवल में बेहतर सडक़ें, मजबूत कनेक्टिविटी और आधुनिक सुविधाओं का विस्तार हो, ताकि जिला देश के विकास के मानचित्र पर अग्रणी स्थान बनाने की दिशा में आगे बढ़े।
*विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम*पलवल में सडक़, जल निकासी, सार्वजनिक सुविधाओं और अन्य आधारभूत ढांचे से जुड़े विकास कार्यों पर जोर दिया जा रहा है। पलवल की जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सरकार के सामने रखा जा रहा है और संबंधित विभागों के साथ समन्वय करके उनके समाधान की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पलवल में विकास की गति को और तेज किया जाएगा तथा जिले को ऐसी सुविधाओं से जोड़ा जाएगा जिससे यहां रहने वाले लोगों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों को भी लाभ मिले।
BB News 24 www.bbnews24.live