उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तडक़े हुए दर्दनाक सडक़ हादसे में मृतक श्रद्धालुओं के प्रति गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए सडक़ दुर्घटना पर कड़ा संज्ञान लिया। उन्होंने जिला के प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित अधिकारियों के साथ दुघर्टना के कारणों का पता लगाने के लिए समीक्षा बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने इस सडक़ हादसे को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को प्रोएक्टिव मोड में कार्य करने तथा सडक़ सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की नियमित रूप से निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि केएमपी और केजीपी एक्सप्रेस-वे तथा इसके आसपास सडक़ सुरक्षा से संबंधित सभी निर्धारित नियमों और नॉर्म्स का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर नियमों की अनदेखी या लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संभावित दुर्घटना वाले स्थानों की पहचान कर वहां आवश्यक सुरक्षा उपाय समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं ताकि इस प्रकार की सडक़ दुर्घटना की पुनरावृति न हो।
*एक्सप्रेस-वे के आसपास स्थित ठेकों की जांच के दिए निर्देश :*
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित अधिकारियों के साथ केएमपी एक्सप्रेस-वे के साथ स्थित शराब के ठेकों की स्वयं मौके पर पहुंचकर जांच की और संबंधित अधिकारियों को शराब के ठेकों की नियमित रूप से जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी ठेके निर्धारित नियमों एवं लाइसेंस की शर्तों के अनुरूप संचालित हों, यह सुनिश्चित किया जाए। नियमों एवं निर्धारित नॉर्म्स का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेकिंग के दौरान घटना स्थल के पास बने एक शराब के ठेके को सील कर एफआईआर दर्ज करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने तथा मौके पर उपलब्ध डीवीआर को कब्जे में लेने और वहां खड़ी बिना नंबर की मोटरसाइकिल और टेंपो को इम्पाउंड करने के निर्देश दिए।उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने निर्देश दिए कि शराब के ठेकों पर बने सभी अवैध अहातों को तोड़ा जाए और अवैध गतिविधियों को रोका जाए। उन्होंने केएमपी और केजीपी पर बने अवैध कटों को भी तुरंत प्रभाव से बंद करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस वे पर कहीं भी वाहन पार्क नहीं होना चाहिए। उन्होंने खखीलपुर टोल प्वाइंट का निरीक्षण करते हुए अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित अधिकारी और टोल कर्मियों को फटकार लगाते हुए सभी नियमों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस वे पर निर्धारित नॉर्म्स के अनुसार विज्ञापन की अनुमति दी जानी चाहिए।
*सडक़ किनारे वाहनों की पार्किंग पर प्रभावी कार्रवाई के दिए निर्देश*
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने एक्सप्रेस-वे के किनारे अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों पर भी प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सडक़ किनारे वाहनों की अनधिकृत पार्किंग दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन सकती है, इसलिए संबंधित विभाग नियमित रूप से निगरानी करते हुए नियमों के अनुसार कार्रवाई करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सडक़ सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, अवैध पार्किंग, बिना नंबर के वाहनों तथा एक्सप्रेस-वे के आसपास संचालित गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नियमों और निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करेंं।
इससे पहले पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने भी दुर्घटना पर कड़ा संज्ञान लेते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा घटना स्थल के पास बने शराब के ठेके पर अवैध अहाते को भी तुड़वाया।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, सचिव आरटीए एवं सीईओ जिला सचिव जितेंद्र कुमार, एसडीएम पलवल भूपेंद्र सिंह, नगराधीश प्रीति रावत, डीएसपी मनोज वर्मा, डीईटीसी-एक्साइज मनिक अहलावत, जिला नगर योजनाकार अनिल मलिक सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
BB News 24 www.bbnews24.live