द सहकारी चीनी मिल पलवल परिसर में गन्ना किसानों एवं मिल के गन्ना विकास विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता शुगर मिल की प्रबंध निदेशक द्विजा ने की। इस दौरान गन्ना किसानों की समस्याओं, सुझावों तथा आगामी पेराई सत्र को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।प्रबंध निदेशक द्विजा ने किसानों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा मौके पर उपस्थित संबंधित अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर एवं समयबद्ध तरीके से समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गन्ना किसानों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखा जाए और उन्हें उन्नत खेती के लिए आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध करवाया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना तथा गन्ना क्षेत्रफल एवं उत्पादन बढ़ाना मिल की प्राथमिकताओं में शामिल है। आगामी पिराई सत्र में गन्ने की गुणवत्ता, उत्पादन एवं रिकवरी में सुधार के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने पर भी जोर दिया गया।गोष्ठी में गन्ना क्षेत्रफल बढ़ाने, गन्ने की उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि करने तथा किसानों को उन्नत एवं वैज्ञानिक गन्ना उत्पादन तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने किसानों को अच्छी गुणवत्ता के बीज का चयन, संतुलित खाद एवं उर्वरकों का प्रयोग तथा वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। इस अवसर पर उपस्थित गन्ना किसानों ने अपने खेती संबंधी अनुभव साझा किए तथा गन्ने की खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। किसान समंदर सिंह, बाबू राम और देशराज सहित अन्य किसानों ने गन्ने की खेती से संबंधित विभिन्न समस्याओं को प्रबंध निदेशक के समक्ष रखा।
गोष्ठी में मिल की ओर से गन्ना विकास अधिकारी बिजेंद्र सिंह तथा गन्ना विपणन अधिकारी उदयवीर सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त किया कि गन्ने की खेती से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
BB News 24 www.bbnews24.live