हरियाणा वीर एवं शहीदी दिवस के अवसर पर श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। एनएसएस क्लब, डीन स्टूडेंट वेलफेयर तथा जागृति महिला समाज सेवी संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में विश्वविद्यालय के 155 विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने रक्तदान किया। शिविर का शुभारंभ कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने किया। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। हमारे द्वारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद मरीज का जीवन बचा सकता है। उन्होंने कहा कि शहीदों की स्मृति में रक्तदान करना उनके त्याग और बलिदान को याद करने का सार्थक तरीका है।कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने कहा कि अस्पतालों में गंभीर रूप से बीमार मरीजों, दुर्घटना पीड़ितों और एनीमिया से पीड़ित बच्चों को रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में रक्तदान करने वाले लोग जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी मदद बनते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। कुलसचिव सुमन वशिष्ठ ने कहा कि शहीदी दिवस पर रक्तदान करने से युवाओं में देशप्रेम का भाव और अधिक बढ़ेगा। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार और कुलसचिव सुमन वशिष्ठ ने रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र वितरित किए और उनका उत्साह बढ़ाया। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने विश्वविद्यालय में स्किल फैकल्टी ऑफ एग्रीकल्चर की एनएसएस यूनिट काउद्घाटन भी किया और कृषि संख्या के डीन प्रोफेसर डीवी पाठक को बधाई दी। कार्यक्रम में डिप्टी सिविल सर्जन, पलवल डॉ. नवीन गर्ग विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सुरक्षित रक्तदान प्रक्रिया की जानकारी दी।कार्यक्रम में छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रोफेसर कुलवंत सिंह, कृषि संकाय के डीन प्रोफेसर डीवी पाठक, डॉ. नाकुल, एनएसएस समन्वयक, एनएसएस एग्रीकल्चर यूनिट के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरीश कुमार, कृषि इकाई से डॉ. तेजिंदर सिंह, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. संतोष यादव, डॉ. दलीप रैना, डॉ. रितु राणा, डॉ. मोनिका जांगड़ा, डॉ. प्राधी जांगड़ा, डॉ. मनीष तथा स्टाफ नर्स ज्योति सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे। आयोजकों ने रक्तदाताओं, अतिथियों और चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त किया।
BB News 24 www.bbnews24.live