एसवीएसयू के कुलगुरु और कुलसचिव ने की राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट
BB News 24
November 4, 2026

श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार और कुलसचिव सुमन वशिष्ठ ने बुधवार को चंडीगढ़ में हरियाणा के माननीय राज्यपाल असीम कुमार घोष से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान कुलगुरु ने विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं राज्यपाल को एसवीएसयू की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा उन्हें दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।मुलाकात के दौरान कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने राज्यपाल को अवगत कराया कि विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। युवाओं का रुझान पारंपरिक शिक्षा के बजाय कौशल आधारित व्यावहारिक शिक्षा की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने राज्यपाल को विश्वविद्यालय में हाल ही में शुरू किए गए नए रोजगारपरक और आधुनिक पाठ्यक्रमों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस सत्र से एसवीएसयू ने बी. फार्मा और डी. फार्मा में दाखिले दिए हैं। नर्सिंग और बैचलर इन फिजियोथेरेपी के लिए तैयारी अंतिम चरण में है। इन नए पाठ्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को उद्योग की आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना और उन्हें प्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसरों से जोड़ना है।इस अवसर पर कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने माननीय राज्यपाल को निकट भविष्य में श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के परिसर का अवलोकन करने का आत्मीय निमंत्रण भी दिया। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों तथा प्रगति की सराहना की।माननीय राज्यपाल असीम कुमार घोष ने कुलगुरु के निमंत्रण और शुभकामनाओं को सहर्ष स्वीकार करते हुए एसवीएसयू परिवार को बधाई दी। उन्होंने विश्वविद्यालय के सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को दीपावली के पावन पर्व की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कुलसचिव सुमन वशिष्ठ ने उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की।
Post Views: 1