एचएसवीपी सेक्टर-2 स्थित एसपीएस इंटरनेशनल में आयोजित चार दिवसीय 5वीं एनुअल इंटर-स्कूल स्पोर्ट्स मीट 5.0 के दूसरे दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। कबड्डी और वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों में कई विद्यालयों के खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर रही। मैदान पर खिलाड़ियों का जोश, खेल कौशल, अनुशासन और जीत के लिए उनका संघर्ष दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।स्पोर्ट्स मीट के दूसरे दिन आयोजित भव्य ग्रैंड ओपनिंग सेरेमनी में हरियाणा सरकार के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए इस खेल महाकुंभ का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर अर्जुन अवॉर्ड, खेल रत्न एवं पद्मश्री से सम्मानित अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पहलवान एवं ओलंपिक पदक विजेता श्री योगेश्वर दत्त विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं पैरालंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नवदीप सिंह, अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित पैरालंपिक गोल्ड मेडलिस्ट सुमित अंतिल तथा कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक विजेता बॉक्सर जितेंद्र कुमार ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई। एक ही मंच पर देश के इतने प्रतिष्ठित खिलाड़ियों और पदक विजेताओं की उपस्थिति ने प्रतिभागी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का एक विशेष अवसर प्रदान किया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि गौरव गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि उनका सपना है कि पलवल की धरती से भी ऐसे खिलाड़ी निकलें, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करें और ओलंपिक में पदक जीतकर देश एवं प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने विशेष रूप से एसपीएस इंटरनेशनल की इस खेल प्रतियोगिता का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे बड़े आयोजन ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।एसपीएस इंटरनेशनल द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली इस इंटर-स्कूल स्पोर्ट्स मीट का यह पांचवां संस्करण है। वर्ष 2022-23 में आयोजित इसके प्रथम संस्करण में लगभग 22 विद्यालयों ने भाग लिया था। निरंतर विस्तार और बढ़ती लोकप्रियता के चलते इस वर्ष यह आयोजन एक बड़े खेल महाकुंभ का स्वरूप ले चुका है, जिसमें 150 से अधिक विद्यालयों के लगभग 2,500 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।3 से 6 नवंबर 2026 तक चलने वाली इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में सात प्रमुख खेलों को शामिल किया गया है, जिनमें कबड्डी, खो-खो, योग, ताइक्वांडो, वॉलीबॉल, रेसलिंग और एथलेटिक्स प्रमुख हैं। विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित हो रही इन प्रतियोगिताओं में खिलाड़ी पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता का प्रमुख आकर्षण SPSI कप 2026 है, जिस पर कब्जा जमाने के लिए विभिन्न विद्यालयों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। वर्तमान अंक तालिका के अनुसार एसपीएस इंटरनेशनल और मॉडर्न स्कूल, फरीदाबाद के बीच शीर्ष स्थान को लेकर कांटे की टक्कर बनी हुई है।इस अवसर पर एसपीएस इंटरनेशनल के चेयरमैन सुरेश भारद्वाज ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि उनका सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास करना है। खेल शिक्षा का एक अनिवार्य हिस्सा हैं, क्योंकि खेलों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और चुनौतियों का सामना करने का साहस विकसित होता है।
BB News 24 www.bbnews24.live