
केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने बुधवार को पलवल के गांव बामनीखेड़ा में आयोजित नमो क्रिकेट लीग में खिलाड़ियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा खेलों की खान है और प्रदेश के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा के दम पर देश का नाम दुनिया भर में रोशन किया है। हरियाणा के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में नए कीर्तिमान स्थापित कर देश का गौरव बढ़ाया है। चौधरी कृष्णपाल गुर्जर ने क्रिकेट खेलकर खिलाड़ियों का हौंसला अफजाई कियाकृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में हरियाणा की खेल नीति की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रदेश सरकार की खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को उनकी प्रतिभा और उपलब्धियों के आधार पर सरकारी नौकरी के अवसर दिए जा रहे हैं। वहीं, विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को करोड़ों रुपये तक की आर्थिक सहायता भी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि नायब सिंह सैनी सरकार प्रदेश में खिलाड़ियों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराकर खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है।उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने पर भी जोर दिया। गुर्जर ने कहा कि सरकार युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर रही है। युवाओं को खेलों से जोड़कर उनके शारीरिक और मानसिक विकास को बढ़ावा दिया जा सकता है। खेलों में सक्रिय भागीदारी से युवा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ देश के निर्माण में भी योगदान दे सकते हैं।उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत नमो क्रिकेट लीग का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और चंडीगढ़ के करीब 3500 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नमो क्रिकेट लीग का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है। इसके माध्यम से युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास पर भी ध्यान दिया जा रहा है।गुर्जर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य लोगों की सेवा करने के साथ उन्हें स्वावलंबी और सशक्त बनाना है। अभियान के तहत सफाई अभियान, रक्तदान शिविर, नमो क्रिकेट लीग, पौधारोपण और दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने जैसे कार्यक्रम किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले साढ़े 12 वर्षों में देशहित में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। उनके अनुसार, सरकार की विभिन्न योजनाओं और फैसलों से गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों के जीवन में बदलाव आया है।कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री का विजन है कि ‘खेलेगा इंडिया तभी तो बढ़ेगा इंडिया’। सरकार के प्रयासों से युवाओं का रुझान लगातार खेलों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खेलों में आगे बढ़कर युवा देश और हरियाणा का नाम दुनियाभर में रोशन करेंगे।उन्होंने कहा कि ओलिंपिक, एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन में लगातार सुधार हुआ है। देश के लिए पदक जीतने में हरियाणा के खिलाड़ियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कार्यक्रम में नमो क्रिकेट लीग के आयोजक महावीर सहित अन्य लोग और खिलाड़ी मौजूद रहे।
BB News 24 www.bbnews24.live