दायित्वों का सही निर्वहन भी सेवा का रूप: सुमन वशिष्ठ

 श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय की कुलसचिव सुमन वशिष्ठ ने कहा कि दायित्वों का सही निर्वहन भी सेवा का रूप है। विद्यार्थी विश्वविद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का सदुपयोग करें और अपने परिसर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रख सकते हैं। जब हम अपने संस्थान के प्रति जिम्मेदार बनेंगे, तभी समाज और राष्ट्र सेवा की दिशा में सार्थक कदम बढ़ा सकेंगे। कुलसचिव सुमन वशिष्ठ बुधवार को युवा एन्ड सेवा फाउंडेशन हरियाणा और एसवीएसयू के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सेवा प्रबोधन कार्यक्रम में बोल रहीं थी। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन एवं सेवा के प्रति प्रेरित किया।  जगदीश चंद्र बोस विश्वविद्यालय के शिक्षक डॉ. प्रवीण कुमार ने मुख्य वक्ता के रूप में कहा कि हम स्वयं को जैसा सोचते हैं, वैसा ही बनने की दिशा में आगे बढ़ते हैं। इसलिए हमें स्वयं को सदैव सफलता की ओर अग्रसर होते हुए देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि सुव्यवस्थित सेवा प्रकल्पों के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता करके ही हम विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर बढ़ सकते हैं। डॉ. प्रवीण कुमार ने कहा कि  सेवा केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति को उचित दिशा दिखाना, शिक्षा प्रदान करना और रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना भी सच्ची सेवा है। विशिष्ट अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता विमल जी ने युवाओं को सेवा से जोड़ने के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए स्वामी विवेकानंद जी के प्रेरणादायी वाक्य “उठो, जागो और तब तक मत रुको, जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए” को अत्यंत सरल एवं प्रभावशाली ढंग से समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वयं पर विश्वास करने, आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने तथा अपने चरित्र एवं शिक्षा में निरंतर सुधार लाने का प्रेरणादायी संदेश दिया। छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रोफेसर कुलवंत सिंह ने सेवा के भाव को अत्यंत सरल शब्दों में समझाया कि सेवा की शुरुआत स्वयं से होनी चाहिए। पहले अपने भीतर परिवर्तन लाएँ, फिर परिवार की सेवा करें और उसके बाद समाज की ओर आगे बढ़ें। डॉ. मोहित श्रीवास्तव ने मंच सञ्चालन कियाऔर विपिन सहरावत ने आभार ज्ञापित किया। इस अवसर पर विशाल, डॉ. नकुल, डॉ. मनमोहन, डॉ. हरीश, डॉ. मनोज शर्मा, डॉ. संतोष, डॉ. तेजेन्द्र सिंह, आदित्य प्रताप सिंह, डॉ. हिमानी, डॉ. संदीप, अध्यापिका ऋतू और ज्योति नैन सहित कई अन्य शिक्षक तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Check Also

अवैध पटाखा बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़

पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग  के कुशल मार्गदर्शन में  एएनसी स्टाफ दीघोट की टीम ने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *