जीजीडीएसडी कॉलेज, पलवल की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-II एवं कॉलेज आउटरीच प्रोग्राम समिति के संयुक्त तत्वावधान से कार्यवाहक प्राचार्य प्रोफेसर डॉ मंजुला बतरा के दिशा निर्देश में जिला उपायुक्त कार्यालय, पलवल एवं गोद लिए गए गाँव चिरवाटा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में स्वच्छता एवं सामाजिक जागरूकता के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराना, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के प्रति जागरूक करना तथा युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए प्रेरित करना था।इस अवसर पर पलवल के जिला उपायुक्त डॉ. जयेंद्र कुमार छिल्लर मुख्य अतिथि ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और एनएसएस स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया।उन्होंने स्वयंसेवकों द्वारा समाज में जागरूकता फैलाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा उन्हें समाज सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।डॉ. छिल्लर ने अपने प्रेरणादायक शब्दों से स्वयंसेवकों को प्रेरित करते हुए कहा कि युवा किसी भी देश की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। युवाओं में समाज को नई दिशा देने, सकारात्मक परिवर्तन लाने और लोगों को जागरूक करने की अपार क्षमता होती है। यदि युवा अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और रचनात्मकता का उपयोग सामाजिक हित में करें, तो समाज में व्यापक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवकों को प्रेरित करते हुए कहा कि समाज सेवा केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और उन्हें जिम्मेदारी के साथ निभाने का माध्यम है।उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि स्वच्छता को केवल एक अभियान तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति के दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। स्वच्छ वातावरण का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक स्वयं स्वच्छता के प्रति सजग हो और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि वे स्वयं स्वच्छता के नियमों का पालन करें तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाएं
कार्यक्रम के दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता, व्यक्तिगत जिम्मेदारी और सामूहिक सहभागिता का संदेश प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से यह दर्शाया गया कि स्वच्छता बनाए रखना केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। स्वयंसेवकों की प्रस्तुति का उद्देश्य लोगों को अपनी आदतों में सकारात्मक बदलाव लाने तथा स्वच्छता को जीवनशैली के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करना था।इस अवसर पर विपिन बैंसला, जिला अध्यक्ष की उपस्थिति प्रेरणा स्त्रोत रही ।राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, चिरवाटा में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य नवनीत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। एनएसएस स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लगभग 200 विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा अपने आसपास साफ-सफाई रखने का संदेश दिया।
नुक्कड़ नाटक के पश्चात विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता को और अधिक प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक संक्षिप्त प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया।
BB News 24 www.bbnews24.live