गाँव बंचारी में ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा नवरात्रि पर आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, होडल सेवा केंद्र द्वारा नवरात्रि के  अवसर पर गाँव बंचारी में सुनील सोरौत  के यहाँ  आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बंचारी सहित होडल और लोहिना से आए लगभग 70–80 भाई-बहनों ने  भाग लिया। नवरात्रि के पावन गीतों, आध्यात्मिक प्रवचनों और हलवा-चने के प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुआ।इस अवसर पर बीके सोनिया, बीके अनीता, बीके शालू ,बीके मदन, ओमवीर भाई मौजूद थे।कार्यक्रम में होडल सेवाकेंद्र की इंचार्ज बीके पूनम ने नवरात्रि के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नवरात्रि केवल पूजा-पाठ का पर्व नहीं, बल्कि अपने भीतर की शक्तियों को जागृत करने और जीवन को श्रेष्ठ बनाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति स्वरूपा माना गया है। जब महिलाएँ अपने अंदर की शांति, प्रेम, सहनशीलता और आत्मविश्वास जैसी शक्तियों को पहचानकर जीवन में धारण करती हैं, तो वे परिवार और समाज को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।बीके मदन ने व्रत एवं पूजन के आध्यात्मिक अर्थ को स्पष्ट करते हुए कहा कि व्रत का वास्तविक उद्देश्य केवल भोजन पर नियंत्रण रखना नहीं, बल्कि अपने मन, वाणी और कर्मों को श्रेष्ठ बनाना भी है। उन्होंने महिलाओं को प्रेरित किया कि वे अपने दैनिक जीवन में सकारात्मक चिंतन, मधुर वाणी, आपसी प्रेम और आत्मसम्मान को महत्व दें। सच्ची पूजा तभी सार्थक होती है, जब हम देवी के गुणों को अपने जीवन में अपनाकर स्वयं को गुणवान बनाएँ।कार्यक्रम में माँ दुर्गा एवं देवी शक्तियों की महिमा से जुड़े सुंदर गीत भी गाए गए, जिनसे वातावरण भक्तिमय हो उठा।

Check Also

अवैध पटाखा बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़

पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग  के कुशल मार्गदर्शन में  एएनसी स्टाफ दीघोट की टीम ने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *