राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने मीडिया कर्मियों को दी शुभकामनाएं

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जिला के सभी पत्रकारों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं मीडियाकर्मियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता किसी भी मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला होती है। मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहा जाता है और राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जागरूकता तथा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर अपने संदेश में कहा कि मीडिया सरकार और आमजन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु के रूप में कार्य करता है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े निर्णयों की जानकारी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मीडिया न केवल जनता को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करता है, बल्कि जनसमस्याओं और आमजन की अपेक्षाओं को प्रशासन एवं सरकार तक पहुंचाने का भी सशक्त माध्यम है।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि पत्रकारिता का दायित्व केवल समाचारों का प्रसारण करना ही नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा दिखाना, जनहित के मुद्दों को सामने लाना और लोगों में सकारात्मक सोच विकसित करना भी है। आज के डिजिटल युग में सूचनाओं का प्रसार बहुत तेजी से हो रहा है। ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि वे तथ्यों की पुष्टि के बाद ही समाचारों का प्रकाशन एवं प्रसारण करें तथा निष्पक्षता, विश्वसनीयता और पत्रकारिता के उच्च नैतिक मूल्यों को बनाए रखें।उपायुक्त ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं, स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों और अन्य विषम परिस्थितियों के दौरान मीडिया की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। ऐसे समय में सही एवं समय पर जानकारी उपलब्ध करवाकर मीडिया प्रशासन और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में सहयोग करता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जनहित में किए जा रहे विकास कार्यों, प्रशासनिक गतिविधियों और सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में मीडिया का सहयोग सदैव सराहनीय रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मीडिया भविष्य में भी पूरी जिम्मेदारी, निष्पक्षता और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपनी भूमिका निभाते हुए लोकतंत्र को मजबूत बनाने तथा समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।

Check Also

भाजपा जिला बैठक में कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं

भाजपा जिला कार्यालय पलवल में जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *