सामाजिक कुरीतियों, दहेज प्रथा और शादी समारोहों में बढ़ती फिजूलखर्ची पर अंकुश लगाने के लिए 52 पाल पंचायत द्वारा लिए गए फैसलों का असर अब धरातल पर दिखाई देने लगा है। पंचायत के फैसलों को लागू करने में जाट समाज सबसे आगे नजर आ रहा है। वहीं ब्राह्मण सहित अन्य समाजों में इन फैसलों की अपेक्षित पालना नहीं होने से सामाजिक सुधार की इस मुहिम पर सवाल भी उठने लगे हैं।उल्लेखनीय है कि 52 पाल पंचायत ने समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए थे। इनमें शादी समारोहों में डीजे बंद करने, सगाई समारोह में केवल दो व्यक्तियों के जाने तथा शादी समारोह में अधिकतम 50 बारातियों को ले जाने का फैसला शामिल था। इसके साथ ही दहेज जैसी गंभीर सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए दहेज न लेने और न देने का संकल्प भी लिया गया था।20 नवंबर से शुरू हो रहे शादी समारोहों के सीजन में इन फैसलों का असर साफ दिखाई देने लगा है। जाट समुदाय के लोग सगाई और शादी समारोहों में पंचायत के निर्देशों का पालन करते नजर आ रहे हैं। कई परिवारों ने सीमित मेहमानों के साथ समारोह आयोजित कर सामाजिक बदलाव की मिसाल पेश की है। दूसरी ओर ब्राह्मण सहित अन्य समाजों में सगाई समारोहों में सैकड़ों लोगों की भागीदारी और दान-दहेज के लेन-देन की पुरानी परंपरा जारी रहने की बात सामने आ रही है।
अन्य समाजों से भी फैसले अपनाने की अपील
52 पाल पंचायत में शामिल प्रमुख लोगों और गणमान्य नागरिकों द्वारा दूसरे समाजों के लोगों से भी इन फैसलों को अपनाने की अपील की जा रही है। उनका कहना है कि दहेज प्रथा, दिखावे और अनावश्यक खर्चों ने मध्यमवर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ा दिया है। यदि सभी समाज मिलकर इन कुरीतियों के खिलाफ कदम उठाएं तो समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
50 बारातियों की सीमा पर उठने लगे सवाल
हालांकि 52 पाल पंचायत के अधिकांश फैसलों को समाज के लोग सराहनीय मान रहे हैं, लेकिन शादी समारोह में केवल 50 व्यक्तियों को ले जाने के निर्णय पर अब पुनर्विचार की मांग उठने लगी है। कई ग्रामीणों का मानना है कि मेहमानों की संख्या सीमित करने का फैसला व्यावहारिक रूप से परेशानी पैदा कर रहा है। भारतीय सामाजिक परंपराओं में शादी समारोह केवल दो परिवारों का आयोजन नहीं, बल्कि रिश्तेदारों, मित्रों और समाज के लोगों के आपसी मेल-मिलाप का भी अवसर होता है।ग्रामीणों का कहना है कि 50 बारातियों की सीमा के कारण कई करीबी रिश्तेदारों और परिचितों को बारात में शामिल होने से वंचित रहना पड़ सकता है। इससे सामाजिक रिश्तों और आपसी भाईचारे पर भी असर पड़ने की आशंका है। ऐसे में पंचायत को इस फैसले पर दोबारा विचार करते हुए बारातियों की संख्या बढ़ाने पर विचार करना चाहिए।
सामाजिक सुधार के फैसले सराहनीय, लेकिन व्यावहारिक बदलाव भी जरूरी
ग्रामीणों का मानना है कि डीजे पर रोक, दहेज न लेने-देने का संकल्प और फिजूलखर्ची कम करने जैसे फैसले समय की जरूरत हैं। इन फैसलों से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिल सकती है। लेकिन बारातियों की संख्या निर्धारित करते समय सामाजिक परंपराओं और आम लोगों की व्यावहारिक परेशानियों को भी ध्यान में रखना जरूरी है। अब देखना यह होगा कि 52 पाल पंचायत अपने फैसलों को दूसरे समाजों तक किस तरह पहुंचाती है और बारातियों की संख्या को लेकर उठ रही मांग पर क्या रुख अपनाती है।
BB News 24 www.bbnews24.live