1,123 करोड़ रुपए से दिल्ली-आगरा हाईवे का होगा कायाकल्प

दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर करने वाले लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। हरियाणा के पलवल और फरीदाबाद सहित उत्तर प्रदेश के मथुरा और आगरा जिलों में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 और राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के दिल्ली-आगरा खंड पर 1,123.56 करोड़ रुपये की लागत से सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक बनाने की परियोजना को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना के तहत 3 रोड ओवर ब्रिज , 4 फ्लाईओवर और 4 व्हीकल अंडरपास  का निर्माण किया जाएगा।हरियाणा सरकार में खेल एवं कानून मंत्री श्री गौरव गौतम ने इस महत्वपूर्ण परियोजना की स्वीकृति पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया है।खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि पलवल दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एक महत्वपूर्ण जिला है। यहां से प्रतिदिन हजारों वाहन दिल्ली, फरीदाबाद, मथुरा और आगरा की ओर आवागमन करते हैं। औद्योगिक गतिविधियों, व्यापार, माल ढुलाई और दैनिक यात्रियों के कारण इस मार्ग पर यातायात का दबाव बना रहता है। कई स्थानों पर जाम के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।उन्होंने कहा कि नई परियोजना से पलवल के नागरिकों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। फ्लाईओवर और अंडरपास बनने से स्थानीय यातायात तथा लंबी दूरी के वाहनों को अलग-अलग रास्ते मिलेंगे, जिससे जाम की समस्या कम होगी।इस दिल्ली-आगरा कॉरिडोर से प्रतिदिन लगभग 68 हजार पैसेंजर कार यूनिट   के बराबर यातायात गुजरता है। इसमें औद्योगिक वाहनों, माल ढुलाई, दैनिक यात्रियों और पर्यटकों का आवागमन शामिल है। इतनी बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही को देखते हुए इस मार्ग पर आधुनिक यातायात सुविधाओं का विकास बेहद आवश्यक है।परियोजना के अंतर्गत बनने वाले रोड ओवर ब्रिज से रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम और वाहनों के लंबे इंतजार से राहत मिलेगी। वहीं फ्लाईओवर और व्हीकल अंडरपास के निर्माण से सड़क के प्रमुख चौराहों पर यातायात सुचारू होगा। सर्विस रोड के निर्माण से स्थानीय और गुजरने वाले वाहनों के बीच टकराव के बिंदु कम होंगे। इससे सड़क सुरक्षा में भी सुधार होगा।खेल मंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क कनेक्टिविटी का सीधा लाभ पलवल के व्यापारियों, उद्यमियों, किसानों और आम नागरिकों को मिलेगा। दिल्ली और फरीदाबाद में नौकरी एवं व्यवसाय के लिए आने-जाने वाले लोगों का सफर आसान होगा। साथ ही मथुरा और आगरा की ओर जाने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भी बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी।गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में आधुनिक राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण तेजी से हो रहा है। केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी के प्रयासों से सड़क परिवहन के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। वहीं मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।उन्होंने कहा कि पलवल विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे जिले का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। 1,123.56 करोड़ रुपये की यह परियोजना पलवल के विकास को नई गति देने के साथ क्षेत्र की कनेक्टिविटी, अर्थव्यवस्था और यातायात व्यवस्था को नई पहचान प्रदान करेगी।

Check Also

हसनपुर पुलिस ने लावारिस हालत में मिला 8-9 वर्षीय बालक सकुशल परिजनों को सौंपा

पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में थाना हसनपुर पुलिस ने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *