संविधान ही देश की वास्तविक पहचान है: दीप्ति गर्ग, पुलिस अधीक्षक
BB News 24
November 26, 2026

संविधान दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग ने कहा कि किसी भी देश का संविधान ही उसकी वास्तविक पहचान होता है। उन्होंने कहा कि संविधान किसी भी राष्ट्र की राजनैतिक और सामाजिक व्यवस्था का बुनियादी ढांचा निर्धारित करता है, जिसके अंतर्गत वहां की जनता शासित होती है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि संविधान राज्य की विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका जैसे प्रमुख अंगों की स्थापना करता है, उनकी शक्तियों की व्याख्या करता है तथा उनके दायित्वों का सीमांकन करता है।पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान अपने संस्थापकों और निर्माताओं के आदर्शों, सपनों तथा मूल्यों का दर्पण होता है। उन्होंने स्मरण कराया कि 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान सभा द्वारा संविधान को अंगीकृत किया गया था, जिसे भारतीय लोकतंत्र का आधार स्तंभ कहा जाता है। 26 जनवरी 1950 को इस संविधान के लागू होने के साथ ही भारत अपने लंबे इतिहास में पहली बार एक आधुनिक संस्थागत ढांचे के साथ पूर्ण संसदीय लोकतंत्र बना। भारतीय संविधान देश के सभी नागरिकों को समानता, न्याय और स्वतंत्रता का अधिकार प्रदान करता है।इसी कड़ी में संविधान दिवस के अवसर पर जिला पुलिस मुख्यालय पलवल में एक भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग ने स्वयं भारतीय संविधान की उद्देशिका का वाचन करते हुए उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा सिविल स्टाफ को संविधान के प्रति सत्य और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।इसके अतिरिक्त, जिला पलवल पुलिस के सभी थानों और चौकियों में भी संबंधित प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा भारतीय संविधान के प्रति निष्ठावान रहने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ ली गई।
Post Views: 61