उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने परिक्रमा मार्ग का दौरा कर लिया व्यवस्थाओं का जायजा

बृज 84 कोस परिक्रमा मार्ग को श्रद्धालुओं के लिए और अधिक सुलभ व सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से सोमवार को उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने होडल के विधायक हरेंद्र सिंह के साथ परिक्रमा मार्ग में पड़ने वाले गांव डाढका, सौंध, बंचारी, डकोरा, मर्रोली, खाम्बी, लिखी, हसनपुर आदि का दौरा किया। उन्होंने परिक्रमा मार्ग से गुजर रहे श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का मौके पर निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बिजली, पेयजल, साफ-सफाई तथा प्रकाश व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिक्रमा मार्ग पर कहीं भी मूलभूत सुविधाओं की कमी न रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उपायुक्त ने गांव बंचारी में दाऊजी मंदिर पर तथा डकोरा में आर.ओ. वाटर सिस्टम को दुरूस्त करने के निर्देश दिए। इस मौके पर उन्होंने बंचारी स्थित दाऊजी मंदिर में माथा टेक दर्शन किए। परिक्रमा मार्ग से पानी की निकासी बेहतर ढंग से सव्यवस्थित की जाए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर बिजली के ट्रांस्फार्मर बदलने की आवश्यकता है वहां नए ट्रांस्फार्मर लगाए जाएं। परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं के विश्राम करने के शिविरों में बिजली, पानी, शौचालय आदि की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए।उपायुक्त डा. वशिष्ठ ने विशेष रूप से क्षेत्र में स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर जोर देते हुए कहा कि परिक्रमा मार्ग की साफ-सफाई नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यह धार्मिक आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण मार्ग है, इसलिए यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके अलावा उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सडक़ मार्ग के सौदर्यीकरण, जगह-जगह बैठने की व्यवस्था, संकेतक बोर्ड, विश्राम स्थलों और चिकित्सा सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने की योजना पर भी चर्चा की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि इन सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए ताकि परिक्रमा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।उपायुक्त ने कहा कि बृज 84 कोस परिक्रमा क्षेत्र का समग्र विकास जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए विकास कार्यों को शीघ्रता से पूरा करें और नियमित रूप से उनकी मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित करें। उन्होंने गांवों में परिक्रमा मार्ग से संबंधित समस्याओं को भी सुना और उनके निदान करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया।उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों की पुष्टि करते हुए कहा कि जिला  प्रशासन पूरी तरह गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि जिन स्थानों पर गड्ढे या जलभराव की समस्या है, वहां सुधार कार्य तेजी से चल रहा है और निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे। उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि शुक्रवार को पुन: निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि पूरे मार्ग पर यात्रा सुचारू रूप से संचालित हो और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।विधायक हरेंद्र सिंह ने कहा कि  सभी आवश्यक सुधार कार्यों को पूरा करने के लिए शुक्रवार तक की समय-सीमा निर्धारित की गई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शुक्रवार को पुन: पूरे मार्ग का निरीक्षण किया जाएगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या शेष न रहे। साथ ही यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाएं जैसे जल व्यवस्था एवं मार्ग में उचित ठहराव की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।इस अवसर पर उनके साथ एसडीएम बलीना, डीडीपीओ उपमा अरोड़ा और संबंधित गांवों के पंच-सरपंच भी मौजूद रहे।

Check Also

पलवल से मथुरा तक चलेंगी दो नई शटल ट्रेनें

होडल के दैनिक रेल यात्रियों के द्वारा पिछले कई सालों से बंद पड़ी रेलगाडिय़ों को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *