हरियाणा सरकार के युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता, कानून एवं विधायी, खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने मंगलवार को नगर परिषद पलवल द्वारा लगभग 1.33 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भगवान श्रीकृष्ण-अर्जुन के रथ और शंख की प्रतिमा का लोकार्पण किया। इन प्रतिमाओं की स्थापना से विकसित महर्षि दयानंद चौक के सौंदर्यीकरण कार्य को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल शहर की सुंदरता में वृद्धि करेगी, बल्कि पलवल की सांस्कृतिक पहचान को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेगी। इस दौरान उन्होंने पलवल की जनता का विशेष रूप से आभार जताया, जिनके आर्शीवाद से वे इस मुकाम पर पहुंचे हैं।खेल राज्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में शहरी क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे के विकास तथा सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। इसी कड़ी में महर्षि दयानंद चौक का आधुनिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप विकसित किया गया है, जिससे यह स्थल अब शहर की एक नई पहचान के रूप में स्थापित होगा।खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि चौक पर स्थापित भगवान श्रीकृष्ण एवं अर्जुन के दिव्य रथ की भव्य प्रतिमा तथा विशाल शंख की कलात्मक संरचना भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और बृज क्षेत्र की गौरवशाली विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक कलात्मक निर्माण नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर को आने वाली पीढिय़ों तक पहुंचाने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि बृज संस्कृति की पहचान को सशक्त बनाने वाली यह प्रतिमा स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ बाहर से आने वाले पर्यटकों एवं यात्रियों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगी तथा शहर को विशिष्ट पहचान प्रदान करेगी।सौंदर्यीकरण परियोजना के अंतर्गत चौक पर आधुनिक सजावटी प्रकाश व्यवस्था, उच्च गुणवत्ता की फिनिशिंग, हरित विकास कार्यों सहित विभिन्न सौंदर्य संवर्धन गतिविधियां संपन्न की गई हैं। विशेष रूप से रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था के माध्यम से प्रतिमा एवं अन्य संरचनाओं को आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया है, जिससे चौक की भव्यता और अधिक बढ़ गई है। खेल राज्य मंत्री ने कहा कि शहर के प्रमुख चौकों एवं सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण नागरिकों को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ऐसे विकास कार्य न केवल शहर की छवि को मजबूत करते हैं, बल्कि नागरिकों में अपने शहर के प्रति गर्व की भावना भी विकसित करते हैं।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री गौतम ने कहा कि पलवल शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य तेजी से जारी हैं। नगर परिषद द्वारा कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है, जिनका उद्देश्य शहर को आधुनिक, स्वच्छ और आकर्षक स्वरूप प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पलवल को हरा-भरा एवं पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत व्यापक स्तर पर पौधारोपण, हरित पट्टियों का विकास तथा सार्वजनिक स्थलों पर हरियाली बढ़ाने के कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण दोनों सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं तथा इस दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।नगर परिषद पलवल के चेयरमैन डॉ. यशपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर के अन्य प्रमुख स्थलों पर भी चरणबद्ध तरीके से सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास संबंधी परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं, ताकि पलवल को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर के रूप में विकसित किया जा सके। कार्यक्रम में पंचवटी धाम पलवल के धर्मगुरू ऋषिदास महाराज, भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला, नगर परिषद पलवल के चेयरमैन डा. यशपाल, उपायुक्त डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर, अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, जिला नगर आयुक्त मनीषा शर्मा, नगर परिषद के वाइस चेयरमैन मनोज बंधु, वार्ड पार्षद दिनेश सैनी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
BB News 24 www.bbnews24.live