जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर के मार्गदर्शन में बुधवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ द्वारा गणना फार्म बांटने का कार्य जारी रहा। होडल ईआरओ एवं एसडीएम बलीना ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत बीएलओ की चेकिंग करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।ईआरओ एवं एसडीएम बलीना ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों के शुद्धिकरण एवं अद्यतन के लिए जिला में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी है, जोकि आगामी 14 जुलाई 2026 तक जारी रहेगा। इस कार्यक्रम के लिए जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के 717 मतदान केंद्रों से संबंधित 717 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित किए जा रहे हैं। मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरकर अपने हस्ताक्षर के साथ बीएलओ के पास जमा करवाना होगा, जिस पर रंगीन फोटो भी लगाना अनिवार्य है। ईआरओ बलीना ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र 83-होडल में 197053 मतदाता हैं और मतदान केंद्रों की संख्या 200 हैं। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे तथा कोई अपात्र व्यक्ति सूची में दर्ज न होने पाए। अभियान को पूर्ण पारदर्शिता एवं गंभीरता के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में सभी राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) का भी सहयोग लिया जाए।ईआरओ बलीना ने बताया कि 21 जुलाई 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशित किया जाएगा। इसके उपरांत 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निपटारा 18 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की है कि वे गणना फार्म को अच्छी प्रकार से भरकर अपने हस्ताक्षर करते हुए बीएलओ को सौंपे।
BB News 24 www.bbnews24.live