
जिला कांग्रेस कमेटी पलवल के जिलाध्यक्ष नेत्रपाल अधाना ने भाजपा सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश और प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं की विश्वसनीयता पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक एक उद्योग बन गया है और इसके संरक्षण में पूरे देश में पेपर लीक माफिया फल-फूल रहा है। श्री अधाना शुक्रवार को ओमेक्स सिटी में कांग्रेस के जिला कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए नेत्रपाल अधाना ने कहा कि भाजपा सरकार देश के युवाओं के साथ अन्याय कर रही है, जबकि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार युवाओं के अधिकारों, रोजगार और शिक्षा के मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं। राहुल गांधी ही वह नेता हैं जो देश के करोड़ों युवाओं की आवाज बनकर उनके भविष्य की लड़ाई लड़ रहे हैं। राजस्थान के कोटा में राहुल गांधी के कार्यक्रम में उमड़ा अभूतपूर्व युवा जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि देश का युवा अब भाजपा की नीतियों से आक्रोशित है और बदलाव चाहता है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। जब से भाजपा सत्ता में आई है, तब से देशभर में 80 से 90 बड़े पेपर लीक के मामले सामने आ चुके हैं। हरियाणा में ऐसी कोई भर्ती परीक्षा शायद ही बची हो, जिसका प्रश्न पत्र लीक न हुआ हो। भाजपा जिस “पर्ची-खर्ची खत्म करने” का दावा करती थी, आज वही सरकार “खर्चा करो और पर्चा आउट करो” की नीति पर चल रही है।उन्होंने कहा कि नीट, जेईई, सीबीएसई, एआईआईएमस और अन्य राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताएं करोड़ों युवाओं के सपनों को कुचल रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले कांग्रेस राज में यही परीक्षाएं आयोजित होती थीं, लेकिन उस समय प्रश्न पत्र लीक नहीं होते थे।लेकिन आज स्थिति यह है कि मेहनत करने वाला युवा स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
BB News 24 www.bbnews24.live