उपायुक्त डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

जिला प्रशासन पलवल मानसून सीजन से पहले अलर्ट हो गया है। उपायुक्त डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सचिवालय स्थित सभागार में आगामी मानसून सीजन के मद्देनजर जलभराव एवं बाढ़ प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा किए गए प्रबंधों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित की जाए। जिला के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जल निकासी के व्यापक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।उपायुक्त डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने कहा कि शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करना सभी संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि किसी क्षेत्र में जलभराव की समस्या सामने आती है और उसमें संबंधित विभाग की लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग एवं नगर परिषद को निर्देश दिए कि जल निकासी व्यवस्था को लेकर अपनी-अपनी तकनीकी रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत करें।बैठक में उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों से जल निकासी व्यवस्था संबंधी डिस्पोजल डिटेल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही गांवों के जोहड़ों की वर्तमान स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा उनकी नियमित सफाई सुनिश्चित करने के लिए भी कहा। उन्होंने रोड साइड नालों की साफ-सफाई, जल निकासी के उचित प्रबंध तथा सफाई व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।बैठक में अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि होडल क्षेत्र में 10 ड्रेनों की सफाई का कार्य पूरा किया जा चुका है तथा जलभराव संभावित स्थानों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। इसके अलावा जी.टी. लगाए गए हैं तथा पंपों की पर्याप्त व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। नगर पालिका क्षेत्र में 7 नाले की सफाई एवं रखरखाव की व्यवस्था की गई है। वहीं नगर परिषद पलवल क्षेत्र में 28 जी.टी. के माध्यम से जल निकासी प्रबंधन को सुदृढ़ किया गया है।उपायुक्त ने कहा कि मानसून के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा निर्धारित समयावधि में सभी तैयारियां पूर्ण करना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, जिला राजस्व अधिकारी बलराज सिंह, जिला वन अधिकारी सुरेश पुनिया, कार्यकारी अभियंता जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग हेमंत कुमार, कार्यकारी अभियंता सिंचाई विभाग मोहित वशिष्ठ, नगर परिषद के कार्यकारी अभियंता सतपाल, मनोज, तहसीलदार दिनेश, प्रेम प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Check Also

जिला में नीट (यूजी) री-एग्जाम , जिला प्रशासन पारदर्शी, शांतिपूर्ण और नकल रहित परीक्षा करवाने के लिए तैयार : उपायुक्त

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने शनिवार को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा रविवार 21 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *