भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार हरियाणा में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान के तहत जिला पलवल में मतदाता सूची के पुनरीक्षण एवं सत्यापन का कार्य निरंतर जारी है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने बताया कि जिले के सभी पात्र मतदाता अपने गणना पत्र भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास जमा कराएं। मतदाताओं की सुविधा के लिए रविवार 19 जुलाई को भी गणना पत्र जमा किए जाएंगे।उन्होंने बताया कि बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) 24 जुलाई तक घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे तथा गणना पत्र एकत्रित करेंगे। इसके साथ ही मतदान केंद्रों के युक्तिकरण एवं पुनव्र्यवस्था का कार्य भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 24 जुलाई तक पूरा किया जाएगा।जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 31 जुलाई 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। इसके उपरांत 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 31 जुलाई से 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि जिन नागरिकों को मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाना है, किसी मृत या स्थानांतरित मतदाता का नाम हटवाना है अथवा नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन करवाना है, वे निर्धारित अवधि के दौरान अपना दावा अथवा आपत्ति अवश्य दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची लोकतांत्रिक प्रक्रिया की आधारशिला है, इसलिए प्रत्येक पात्र नागरिक का इसमें सही विवरण दर्ज होना आवश्यक है।
BB News 24 www.bbnews24.live