श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय, दुधौला में वीरवार को जिला स्तरीय 77वें वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के खेल, युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता तथा कानून एवं विधायी कार्य राज्य मंत्री गौरव गौतम ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैसला, श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. दिनेश कुमार, उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर तथा जिला वन अधिकारी सुरेश कुमार पुनिया सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने प्रदेशवासियों को 77वें वन महोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वन महोत्सव केवल पौधे लगाने का अवसर नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति अपनी आस्था, पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और आने वाली पीढ़ियों के प्रति अपने दायित्व को याद करने का दिन है।उन्होंने कहा कि यदि हमें समृद्ध, स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य चाहिए तो प्रकृति के साथ संतुलित संबंध स्थापित करना होगा। वर्ष 1950 में देश में वन महोत्सव की शुरुआत हुई थी और तब से देशभर में विभिन्न थीम के साथ इसे जनभागीदारी के पर्व के रूप में मनाया जा रहा है। गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा शुरू किया गया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान का अनूठा संदेश देता है। आज हम इस अभियान के दूसरे चरण में हैं और हरियाणा में इसे व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियानों को जनआंदोलन बनाकर ही हम हरियाणा को एक हरित एवं पर्यावरण के प्रति जागरूक प्रदेश बना सकते हैं।उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान, वायु प्रदूषण, जल संकट और जैव विविधता के क्षरण जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। इन चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण, वन संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों का सतत प्रबंधन बेहद आवश्यक है। हरियाणा सरकार पर्यावरण संरक्षण को केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी न मानकर इसे जन-आंदोलन के रूप में आगे बढ़ा रही है।राज्य मंत्री ने बताया कि वर्तमान मानसून सीजन के दौरान हरियाणा में 1.40 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वन विभाग के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान में सरकारी विभागों, पंचायतों, नगर निकायों, शिक्षण संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं तथा आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।उन्होंने कहा कि इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत जनभागीदारी है। हमारा लक्ष्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि प्रत्येक लगाए गए पौधे को संरक्षित कर उसे एक विशाल पेड़ बनाना होना चाहिए।गौरव गौतम ने जिला वासियों से आह्वान किया कि हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसे पेड़ बनने तक उसकी देखभाल करने का संकल्प ले। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, बेहतर पर्यावरण और सुरक्षित भविष्य का आधार बनेगा।
BB News 24 www.bbnews24.live