योग युक्त-नशा मुक्त’ युवा ‘विकसित और आत्मनिर्भर’ भारत 2047 का सपना करेंगे साकार : गौरव गौतम

हरियाणा सरकार के खेल एवं युवा मामले तथा कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को ‘विकसित और आत्मनिर्भर’ राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने में योग युक्त और नशा मुक्त हरियाणा के युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, शिक्षित, अनुशासित और संस्कारित युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।खेल एवं युवा मामले तथा कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘नशा मुक्त भारत और विकसित भारत-2047’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में शुरू किए गए 100 सप्ताह के राष्ट्रव्यापी ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत 2026’ जन जागरूकता अभियान के तहत जिला पलवल के गांव दुधौला स्थित श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत 2026’ कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पश्चिम बंगाल से राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कोटकपूरा पंजाब में आयोजित कार्यक्रम का वर्चुअल माध्यम से लाइव प्रसारण दिखाया गया।मुख्य अतिथि गौरव गौतम ने कहा कि नशा केवल एक बुरी आदत नहीं, बल्कि व्यक्ति, परिवार और समाज को खोखला करने वाली गंभीर सामाजिक बुराई है। नशे की वजह से अनेक परिवार बिखर जाते हैं और युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो जाता है। इसलिए नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। हरियाणा वीरों, किसानों और खिलाड़ियों की भूमि है। इस प्रदेश ने देश को अनेक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, सैनिक और कर्मयोगी दिए हैं। ऐसे में युवाओं को नशे की ओर नहीं, बल्कि खेल, शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार की दिशा में प्रेरित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जब युवा खेल के मैदान में पसीना बहाता है तो उसे जीत की आदत लगती है, न कि नशे की। उन्होंने युवाओं से स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवन का आधार है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा नशे का पूर्णतः त्याग करने की अपील की। उपायुक्त डा. जयेंन्द्र सिंह छिल्लर ने जिला के युवाओं और सामाजिक संस्थाओं से राष्ट्रीय हित में प्रधानमंत्री की अपील का समर्थन करने और इस ऐतिहासिक आंदोलन ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत 2026’ में सक्रिय भागीदार बनने का आह्वान किया है। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं, संस्थानों और सामुदायिक संगठनों के सामूहिक प्रयासों से एक राष्ट्रव्यापी सामाजिक आंदोलन का निर्माण करना है जो व्यक्तियों को नशे की लत को त्यागने और एक स्वस्थ, मजबूत और अधिक ‘विकसित भारत’ के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करे। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला, श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के कुलगुरु दिनेश कुमार, रजिस्ट्रार सुमन वशिष्ठ सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Check Also

अग्रवाल भवन कार्यक्रम में एसपी दीप्ति गर्ग को किया आमंत्रित

अग्रवाल सभा जिला पलवल के अध्यक्ष संदीप गोयल  के नेतृत्व में अग्रवाल सभा के सदस्यों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *