हरियाणा प्रदेश की ‘विकसित भारत-2047’ के निर्माण में रहेगी महत्वपूर्ण भूमिका : गौरव गौतम

हरियाणा सरकार में खेल एवं युवा अधिकारिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने हरियाणा दिवस की पूर्व संध्या पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के गठन के 60 वर्ष पूरे होना हम सभी के लिए गर्व और गौरव का विषय है। इस उपलक्ष में हरियाणा सरकार हरियाणा गठन का हीरक जयंती समारोह मना रही है। इन छह दशकों में हरियाणा ने विकास, कृषि, उद्योग, शिक्षा, खेल और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करते हुए देश-दुनिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है।खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा की धरती वीरों, किसानों, मेहनतकशों और खिलाड़ियों की धरती है। यहां के जवानों ने देश की सीमाओं की रक्षा में अदम्य साहस और शौर्य का परिचय दिया है, वहीं किसानों ने अपनी मेहनत से देश के खाद्यान्न भंडार को समृद्ध किया है। हरियाणा के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों पर तिरंगे का मान बढ़ाकर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। खेलों के क्षेत्र में हरियाणा का योगदान पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है।खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने, खेल सुविधाओं का विस्तार करने, खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने तथा किसानों, महिलाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि राज्य सरकार सबका साथ-सबका विकास और हरियाणा एक-हरियाणवी एक के सिद्धांत पर चल रही है। इसी सोच के साथ सरकार द्वारा हरियाणा और हरियाणवी के विकास और भलाई के लिए लगातार काम किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि “हरियाणा सद्भाव और समान विकास के साथ आगे बढ़ा है, जिससे लोगों का जीवन आसान, सुरक्षित और सुविधाजनक हुआ है। आमजन और सरकार का सीधा संपर्क है और आईटी के माध्यम से सिस्टम को सरल व पारदर्शी बनाया है. नतीजतन शगुन राशि, विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन, विभिन्न प्रकार की सरकारी योजनाओं और किसानों की फसल का पैसा एक क्लिक से सीधे पात्र लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा की 60 वर्षों की यह गौरवशाली यात्रा प्रदेशवासियों के सामूहिक परिश्रम, समर्पण और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। आज हमारा संकल्प होना चाहिए कि हम प्रदेश की एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हुए हरियाणा को विकास, खेल और खुशहाली के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने में अपना योगदान दें।खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने में हरियाणा राज्य की भूमिका अत्यधिक महत्वपूर्ण और बहुआयामी है। उन्होंने कहा कि भारत देश जब वर्ष 2047 में अपनी आजादी के 100 वर्ष में पूरे करेगा तब ‘विकसित भारत-2047’ के निर्माण में हरियाणा प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।खेल राज्य मंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे हरियाणा दिवस को उत्साह और गर्व के साथ मनाएं तथा प्रदेश की गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं और उपलब्धियों को आगे बढ़ाने का संकल्प लें। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए हरियाणा दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

Check Also

पलवल बस अड्डे को नजरअंदाज कर निकल रहीं रोडवेज बसें, यात्री परेशान

पलवल में हरियाणा रोडवेज की बसों के संचालन को लेकर यात्रियों को भारी परेशानी का …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *