जिला में नशे की रोकथाम के लिए विभाग आपसी समन्वय से करें प्रभावी कार्रवाई : उपायुक्त

हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने मंगलवार को राज्य स्तरीय नारको समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश में नशे से जुड़े अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा नशा विरोधी अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए व्यापक स्तर पर समन्वित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्तों एवं पुलिस अधीक्षकों ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भाग लिया। जिला पलवल से उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर तथा पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से राज्य स्तरीय बैठक में सहभागिता की।उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने वीडियो कॉन्फ्रेंस उपरांत जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर नशे की रोकथाम के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, औषधि नियंत्रण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों को आपसी तालमेल और समन्वय के साथ कार्य करना होगा। नशे की तस्करी एवं अवैध बिक्री पर सख्ती के साथ कार्रवाई करने के साथ-साथ नशे के आदी व्यक्तियों के उपचार, परामर्श और पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने पुलिस विभाग की मैपिंग करने के भी दिशा-निर्देश दिए।उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने नशे के खिलाफ केंद्र और प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे की तस्करी, बिक्री और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय से अभियान को और मजबूत करें। नशे के दुष्प्रभावों के प्रति युवाओं और आमजन को जागरूक करने के साथ-साथ नशा छोड़ने वाले लोगों को उपचार एवं पुनर्वास की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।उपायुक्त ने जिले में संचालित नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों का नियमित एवं गहन निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, उपचार व्यवस्था, विशेषज्ञ स्टाफ, सुरक्षा प्रबंध, मरीजों की देखभाल तथा पुनर्वास संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की जाए। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को दूर करवाते हुए अनुपालन रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाए।उपायुक्त ने जिले में केमिस्ट दुकानों की निगरानी एवं नियमन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी केमिस्ट दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, ताकि दवाओं की बिक्री एवं दुकान की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके। प्रत्येक केमिस्ट संचालक अपना वैध लाइसेंस दुकान में ऐसी प्रमुख जगह पर प्रदर्शित करे, जहां ग्राहक उसे आसानी से देख सकें। इसके अलावा केमिस्ट संचालकों को नशीली एवं प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देने के लिए नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, डीएमसी मनीष शर्मा, जिला ड्रग नियंत्रक अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Check Also

40 ग्राम हेरोइन सहित दो नशा तस्कर गिरफ्तार

हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की फरीदाबाद यूनिट ने थाना गदपुरी जिला पलवल क्षेत्र में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *